इंदिरा गाँधी
इंदिरा गाँधी
| |
पूरा नाम | इंदिरा प्रियदर्शनी गाँधी |
अन्य नाम | इन्दु |
जन्म | 19 नवम्बर, 1917 |
जन्म भूमि | इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश |
मृत्यु | 31 अक्टूबर, 1984 |
मृत्यु स्थान | दिल्ली |
मृत्यु कारण | हत्या |
अभिभावक | जवाहरलाल नेहरू, कमला नेहरू |
पति/पत्नी | फ़ीरोज़ गाँधी |
संतान | राजीव गाँधी और संजय गाँधी |
स्मारक | शक्ति स्थल, दिल्ली |
नागरिकता | भारतीय |
प्रसिद्धि | 1971 के भारत -पाकिस्तान युद्ध में भारत की विजय |
पार्टी | काँग्रेस |
पद | भारत की तृतीय प्रधानमंत्री |
कार्य काल | 19 जनवरी, 1966 से 24 मार्च, 1977, 14 जनवरी, 1980 से 31 अक्टूबर, 1984 |
विद्यालय | विश्वभारती विश्वविद्यालय बंगाल, इंग्लैंड की ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी, शांति निकेतन |
भाषा | हिन्दी, अंग्रेज़ी |
जेल यात्रा | अक्टूबर, 1977 और दिसम्बर, 1978 |
पुरस्कार-उपाधि | भारत रत्न सम्मान |
विशेष योगदान | बैंकों का राष्ट्रीयकरण |
अन्य जानकारी | इंदिरा गाँधी अपनी प्रतिभा और राजनीतिक दृढ़ता के लिए 'विश्व राजनीति' के इतिहास में जानी जाती हैं और इंदिरा गाँधी को 'लौह-महिला' के नाम से संबोधित किया जाता है। ये भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री थीं। |
इंदिरा प्रियदर्शनी गाँधी (अंग्रेज़ी:Indira Gandhi, जन्म- 19 नवम्बर, 1917, इलाहाबाद; मृत्यु- 31 अक्टूबर, 1984, दिल्ली) न केवल भारतीय राजनीति पर छाई रहीं बल्कि विश्व राजनीति के क्षितिज पर भी वे एक प्रभाव छोड़ गईं। श्रीमती इंदिरा गाँधी का जन्म नेहरू ख़ानदान में हुआ था। इंदिरा गाँधी, भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की इकलौती पुत्री थीं। आज इंदिरा गाँधी को सिर्फ़ इस कारण नहीं जाना जाता कि वह पंडित जवाहरलाल नेहरू की बेटी थीं बल्कि इंदिरा गाँधी अपनी प्रतिभा और राजनीतिक दृढ़ता के लिए 'विश्वराजनीति' के इतिहास में जानी जाती हैं और इंदिरा गाँधी को 'लौह-महिला' के नाम से संबोधित किया जाता है। ये भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री थीं।
इन्हें भी देखें: इंदिरा गाँधी का जीवन परिचय, इंदिरा गाँधी का प्रधानमंत्रित्व काल, इंदिरा गाँधी का विद्यार्थी जीवन एवं इंदिरा गाँधी का राजनीतिक जीवन
जीवन परिचय
इंदिरा जी का जन्म 19 नवम्बर, 1917 को इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश के आनंद भवन में एक सम्पन्न परिवार में हुआ था। इनका पूरा नाम है- 'इंदिरा प्रियदर्शनी गाँधी'। इनके पिता का नाम जवाहरलाल नेहरू और दादा का नाम मोतीलाल नेहरू था। पिता एवं दादा दोनों वकालत के पेशे से संबंधित थे और देश की स्वाधीनता में इनका प्रबल योगदान था। इनकी माता का नाम कमला नेहरू था, जो दिल्ली के प्रतिष्ठित कौल परिवार की पुत्री थीं। इंदिरा जी का जन्म ऐसे परिवार में हुआ था, जो आर्थिक एवं बौद्धिक दोनों दृष्टि से काफ़ी संपन्न था। अत: इन्हें आनंद भवन के रूप में महलनुमा आवास प्राप्त हुआ। इंदिरा जी का नाम इनके दादा पंडित मोतीलाल नेहरू ने रखा था। यह संस्कृतनिष्ठ शब्द है जिसका आशय है कांति, लक्ष्मी, एवं शोभा। इनके दादाजी को लगता था कि पौत्री के रूप में उन्हें माँ लक्ष्मी और दुर्गा की प्राप्ति हुई है। पंडित नेहरू ने अत्यंत प्रिय देखने के कारण अपनी पुत्री को प्रियदर्शिनी के नाम से संबोधित किया जाता था। चूंकि जवाहरलाल नेहरू और कमला नेहरू स्वयं बेहद सुंदर तथा आकर्षक व्यक्तित्व के मालिक थे, इस कारण सुंदरता के मामले में यह गुणसूत्र उन्हें अपने माता-पिता से प्राप्त हुए थे। इन्हें एक घरेलू नाम भी मिला जो इंदिरा का संक्षिप्त रूप 'इंदु' था।