कस्तूरबा गाँधी
कस्तूरबा गाँधी
| |
पूरा नाम | कस्तूरबा गाँधी |
अन्य नाम | 'बा' |
जन्म | 11 अप्रैल सन् 1869 |
जन्म भूमि | काठियावाड़, पोरबंदर, भारत |
मृत्यु | 22 फ़रवरी सन् 1944 |
मृत्यु स्थान | आगा ख़ाँ महल, पूना, भारत |
अभिभावक | गोकुलदास मकनजी |
पति/पत्नी | महात्मा गाँधी |
संतान | हरिलाल, मणिलाल, रामदास, देवदास |
नागरिकता | भारतीय |
धर्म | हिन्दू |
आंदोलन | भारतीय स्वतंत्रता संग्राम |
संबंधित लेख | महात्मा गाँधी, महादेव देसाई |
कस्तूरबा गांधी (अंग्रेज़ी: Kasturba Gandhi, जन्म: 11 अप्रॅल, 1869; मृत्यु: 22 फ़रवरी 1944 ई.), महात्मा गांधी की पत्नी जो भारत में 'बा' के नाम से विख्यात हैं। भारत के गौरवशाली इतिहास में बलिदान की इतनी गाथाएँ हैं कि सितारों की गिनती तक कम पड़ जाती है। अगर हम अपने इतिहास की विवेचना करने बैठें तो महिलाओं के बढ़-चढ़ कर योगदान देखने को मिलेंगे, फिर चाहे वो संस्कृति हो, परंपरा, राजनीति, अर्थव्यवस्था, युद्ध, शांति या कुछ और, कोई भी विद्या नारी स्पर्श से अछूती नहीं रही है। अगर हम अपने स्वतंत्रता संग्राम की ही बात करें तो अनगिनत महिलाओं का नाम प्रतिबिंबित होता है जो बहुत सक्रिय रहीं सबसे पहली महिला जिनका नाम ही स्वतंत्रता का पर्याय बन गया है वो हैं 'श्रीमती कस्तूरबा गाँधी'। कस्तूरबा गाँधी महात्मा गाँधी की पत्नी थीं।
विषय सूची
जीवनी
कस्तूरबा गाँधी का जन्म 11 अप्रैल सन् 1869 ई. में महात्मा गाँधी की तरह काठियावाड़ के पोरबंदर नगर में हुआ था। इस प्रकार कस्तूरबा गाँधी आयु में गाँधी जी से 6 मास बड़ी थीं। कस्तूरबा गाँधी के पिता 'गोकुलदास मकनजी' साधारण स्थिति के व्यापारी थे। गोकुलदास मकनजी की कस्तूरबा तीसरी संतान थीं। उस जमाने में कोई लड़कियों को पढ़ाता तो था नहीं, विवाह भी अल्पवय में ही कर दिया जाता था। इसलिए कस्तूरबा भी बचपन में निरक्षर थीं और सात साल की अवस्था में 6 साल के मोहनदास के साथ उनकी सगाई कर दी गई। तेरह साल की आयु में उन दोनों का विवाह हो गया। बापू ने उन पर आरंभ से ही अंकुश रखने का प्रयास किया और चाहा कि कस्तूरबा बिना उनसे अनुमति लिए कहीं न जाएं, किंतु वे उन्हें जितना दबाते उतना ही वे आज़ादी लेती और जहाँ चाहतीं, चली जातीं।
