टोक्यो
टोक्यो (अंग्रेज़ी: Tokyo) जापान की राजधानी और सबसे बड़ा नगर है। यह जापान के होन्शू द्वीप पर बसा हुआ है। इसकी जनसंख्या लगभग 86 लाख है, जबकि टोक्यो क्षेत्र में 1.28 करोड़ और उपनगरीय क्षेत्रों को मिलाकर यहाँ अनुमानित 3.7 करोड़ लोग रहते हैं, जो इसे दुनिया का सबसे अधिक जनसंख्या वाला महानगरीय क्षेत्र बनाता है। टोक्यो लगभग 80 कि.मी. के क्षेत्र में फैला हुआ है और यह क्षेत्रफल की दृष्टि से भी विश्व का सबसे बड़ा नगरीय क्षेत्र है।
नामकरण
टोक्यो को मूलरूप से ईडो के नाम से जाना जाता था, जिसका जापानी में अर्थ है- मुहाना। सन 1868 में जब इसे जापान की राजधानी बनाया गया तो इसका नाम बदलकर टोक्यो कर दिया गया। आरम्भिक मेइजी काल में इस नगर को तोउकेइ के नाम से भी जाना जाता था, जो चीनी भाषा में लिखे गए शब्द के लिए वैकल्पिक उच्चारण था। बहुत-से पुराने अंग्रेज़ी दस्तावेज़ो में अभी भी टोकेई लिखा जाता है, लेकिन अब यह अप्रचलित शब्द है और टोक्यो शब्द का ही अब उपयोग किया जाता है।