यूरिया

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें

यूरिया (अंग्रेज़ी: Urea) एक सफ़ेद रंग का कार्बनिक यौगिक है, जिसका रासायनिक सूत्र (NH2)2CO होता है। कार्बनिक रसायन के क्षेत्र में इसे 'कार्बामाइड' भी कहा जाता है। यह एक रंगहीन, गन्धहीन, रवेदार जहरीला ठोस पदार्थ है। यह जल में अति विलेय है। यह स्तनपायी और सरीसृप प्राणियों के मूत्र में पाया जाता है। कृषि में नाइट्रोजन युक्त रासायनिक खाद के रूप में इसका उपयोग होता है।

उत्पादन

यूरिया पानी में अति घुलनशील है और इसमें 46 प्रतिशत नाइट्रोजन होती है। रसायनज्ञों द्वारा संश्‍लेषित यह पहला आर्गेनिक मिश्रण है। यह उपलब्धि 18वीं सदी के शुरूआत में हासिल की गई थी। इसे प्रिल्‍ड के साथ-साथ दानेदार रूप में उत्‍पादित किया जाता है। बड़े पैमाने पर यूरिया का उत्पादन द्रव अमोनिया तथा द्रव कार्बन डाई-आक्साइड की प्रतिक्रिया से होता है।

उपयोग

  • यूरिया का उपयोग मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाने में होता है।
  • इसका प्रयोग वाहनों के प्रदूषण नियंत्रक के रूप में भी किया जाता है।
  • यूरिया-फार्मल्डिहाइड, रेंजिन, प्लास्टिक एवं हाइड्राजिन बनाने में भी इसका उपयोग किया जाता है।
  • इससे यूरिया-स्टीबामिन नामक काला-जार की दवा बड़े पैमाने पर बनाई जाती है।
  • वेरोनल नामक नींद की दवा बनाने में यूरिया का उपयोग किया जाता है।
  • सेडेटिव के रूप में उपयोग होने वाली दवाओं के बनाने में भी इसका उपयोग किया जाता है।

प्रिल्‍ड यूरिया

प्रिलिंग टावर से तरल यूरिया को बूंदों के रूप में गिराकर यूरिया के दाने बनते हैं, जो सूखकर 1 मि.मी. से 4 मि.मी. का गोल आकार ले लेते हैं। प्रिलिंग टावर के शिखर से इन दानों को ठोस रूप देने के लिए कूलिंग मीडिया के रूप में वायु का प्रयोग किया जाता है। कृभको अपने हजीरा संयंत्र में प्रिल्‍ड यूरिया का उत्‍पादन करता है। उत्‍पादित यूरिया की विशेषता निम्‍न प्रकार है[1]-

नाइट्रोजन अवयव - न्‍यूनतम 46 प्रतिशत
बाईयूरेट - अधिकतम 1 प्रतिशत
नमी - अधिकतम 0.5 प्रतिशत
दाने का आकार - 1-2.8 मि.मी. - 90 प्रतिशत न्‍यूनतम

दानेदार यूरिया

दानेदार यूरिया रासायनिक तौर पर प्रिल्‍ड यूरिया की तरह ही है। दानेदार यूरिया आकार में थोड़ा बड़ा और कठोर होता है। वर्तमान में प्रिल्‍ड यूरिया का प्रयोग अधिक किया जाता है, क्‍योंकि इसकी उर्वरक के अन्‍य अवयवों के साथ मिश्रण करते समय टूटने की प्रतिरोधी क्षमता अधिक होती है। कृभको अपने सुर, ओमान स्थित संयुक्‍त उद्यम कम्‍पनी ओमिफको संयंत्र में उत्‍पादित दानेदार यूरिया का आयात करता है। आयातित दानेदार यूरिया की विशेषता निम्‍न प्रकार है[1]-

नाइट्रोजन अवयव - न्‍यूनतम 46 प्रतिशत
बाईयूरेट - अधिकतम 1 प्रतिशत
नमी - अधिकतम 0.5 प्रतिशत
दाने का आकार - 2-4 मि.मी. : 90 प्रतिशत न्‍यूनतम


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. 1.0 1.1 यूरिया (हिन्दी) कृभको। अभिगमन तिथि: 13 फरवरी, 2015।

संबंधित लेख