यशदेव शल्य

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें
यशदेव शल्य
यशदेव शल्य
पूरा नाम यशदेव शल्य
जन्म भूमि फरीदकोट, पंजाब
कर्म भूमि भारत
मुख्य रचनाएँ 'मूल तत्व मीमांसा', 'मनस्तत्व', 'संस्कृति', 'मनुष्य और जगत', 'विषय और आत्मा', 'समाज : दार्शनिक परिशीलन' आदि।
प्रसिद्धि साहित्यकार
नागरिकता भारतीय
अन्य जानकारी 1954 में शल्य जी ने 'अखिल भारतीय दर्शन परिषद' की त्रैमासिक पत्रिका ‘दार्शनिक’ का प्रकाशन शुरू कर दिया। इलाहाबाद के प्रोफेसर संगमलाल पांडे के प्रयासों से 1956 में दर्शन परिषद का पहला अधिवेशन इलाहबाद में हुआ।
इन्हें भी देखें कवि सूची, साहित्यकार सूची

यशदेव शल्य (अंग्रेज़ी: Yashdev Shalya, जन्म- फरीदकोट, पंजाब) भारतीय लेखक थे जिन्हें भारतीय ज्ञानपीठ का वर्ष 2002 का 16वां मूर्ति देवी पुरस्कार उनकी पुस्तक 'मूल तत्व मीमांसा' के लिए दिया गया था। उनकी पहली पुस्तक 1951 में प्रकाशित हुई थी। दर्शन पर अब तक उनकी करीब एक दर्जन पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। मनस्तत्व, संस्कृति, मनुष्य और जगत, विषय और आत्मा, समाज : दार्शनिक परिशीलन आदि उनकी प्रमुख कृतियां हैं। यशदेव शल्य दर्शन से संबंधित पत्रिका 'उन्मीलन' के संपादक थे। उन्हें 'अखिल भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद' और 'सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद' की सीनियर फेलोशिप भी प्राप्त हुई थी। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें 'भगवान दास पुरस्कार' और 'अखिल भारतीय दर्शन परिषद' की ओर से 'प्रणवानंद पुरस्कार' से सम्मानित किया गया था।

परिचय

पंजाब के फरीदकोट में जन्मे यशदेव शल्य जी 1949 से 1965 तक यहीं के बलवीर हाईस्कूल में हिंदी के अध्यापक रहे। यहीं 1951 में एक दोस्त के पास उन्हें हेनरी बर्गसां की पुस्तक 'क्रिएटिव इवोल्यूशन्स' दिखी, जिसे पढ़ते हुए उनका दर्शन से रिश्ता बन गया, जो आजीवन रहा। यहीं बर्ट्रेंड रसेल, कांट उन्हें दर्शन की अंजान राहों पर ले जाते गए। यहीं रहते हुए 1957 में दर्शन की पहली पुस्तक लिखी। यहीं लिखी दूसरी पुस्तक दार्शनिक विश्लेषण पर बहुत लोगों का ध्यान गया और इसे हिंदी समिति उत्तर प्रदेश का डॉ. भगवान दास पुरस्कार मिला।[1]

संस्था निर्माण

यहीं रहते हुए यशदेव शल्य को लगा कि भारत में दर्शन की बातें मुख्यत: अंग्रेज़ी में और थोड़ी-बहुत संस्कृत, पाली में होती हैं। यहीं रहते हुए वे चिट्ठी-पत्री के जरिए हिंदी में दर्शन पर केंद्रित संस्था के निर्माण के काम में लग गए। तब तक महाराष्ट्र के आमलनेर में 'इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फिलॉसफी' की स्थापना 1916 में ही हो गई थी। 1917 में कोल्हापुर में 'इंडियन फिलॉसफिकल रिव्यू' पत्रिका शुरू हो गई थी। 1925 में देश के प्राध्यापकों का पेशेवर संगठन 'इंडियन फिलॉसफिकल कांग्रेस' शुरू हो गया था, जो अंग्रेज़ी में सोचता, बोलता था। इन संस्थाओं से ही यशदेव शल्य को हिंदी में यह उद्यम शुरू करने की चुनौती मिली।

प्रकाशन व संपादन

स्वतंत्र भारत में शल्य जी ने हिंदी में दर्शन की गतिविधियाँ शुरू करने का जो संकल्प लिया था, उसे समर्थन मिलना शुरू हुआ। डॉ. सम्पूर्णानंद, आचार्य नरेंद्र देव, प्रभाकर माचवे जैसे नायकों का प्रोत्साहन मिला। 1954 में शल्य जी ने 'अखिल भारतीय दर्शन परिषद' की त्रैमासिक पत्रिका ‘दार्शनिक’ का प्रकाशन शुरू कर दिया। इलाहाबाद के प्रोफेसर संगमलाल पांडे के प्रयासों से 1956 में दर्शन परिषद का पहला अधिवेशन इलाहबाद में हुआ। शल्य जी व प्रो. संगमलाल शुरुआती सालों में दर्शन परिषद के आधार स्तंभ रहे। बाद में शल्य जी ने तत्त्व चिंतन, दर्शन समीक्षा और उन्मीलन पत्रिकाओं का संपादन भी किया।[1]

शल्य जी के नाम के साथ हिंदी में दर्शनशास्त्र की विडंबना भी जुड़ी हुई हैं। उनकी एक दर्जन से ज्यादा पुस्तकें हैं। उनके द्वारा संपादित कई पत्रिकाएं हैं। अनेक लेख हैं। सभी हिंदी में। हिंदी में दर्शन और समाज विज्ञान को प्रतिष्ठित करने के तमाम उद्यम अब तक सिरे क्यों नहीं चढ़े, यह एक अलग ही और लंबी कहानी है। उसमें जाए बगैर शल्य जी के संदर्भ में यह कहा जा सकता है कि चंद व्यक्तियों और दर्शन विभागों को छोड़कर प्राध्यापकीय दर्शन जगत की हिंदी में मौलिक चिंतन, सृजन को बढ़ावा देने में कोई खास रुचि नहीं है। परीक्षापयोगी और सेमिनारोपयोगी सामग्री ज्यादा प्रचलित है। ज्यादा मौलिक काम नहीं है और स्वतंत्रता बाद अनुवादों की जो लहर आई थी, वह ठंडी पड़ गई है। इस दुनिया में शल्य जी एक औपचारिक उपस्थिति और ज्यादा हुआ तो श्रद्धा के पात्र भर हैं।


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. 1.0 1.1 सूख गयी हिंदी की दर्शन धार (हिंदी) mediavigil.com। अभिगमन तिथि: 0524 फ़रवरी, 2020।

संबंधित लेख