सिंधी भाषा
सिंधी भाषा भारतीय-आर्य भाषाओं के पश्चिमोत्तर समूह और भारत-पाकिस्तान उपमहाद्वीप की एक प्रमुख साहित्यिक भाषा है। इसकी उत्पत्ति वेदों के लेखन या सम्भवत: उससे भी पहले सिन्ध क्षेत्र में बोली जाने वाली एक प्राचीन भारतीय-आर्य बोली या प्राथमिक प्राकृत से हुई है। ऋग्वेद के श्लोकों पर इस बोली का प्रभाव कुछ हद तक देखा जा सकता है। प्राकृत परिवार की अन्य भाषाओं की तरह सिंधी भी विकास के प्राचीन भारतीय-आर्य (संस्कृत) व मध्य भारतीय-आर्य (पालि, द्वितीयक प्राकृत तथा अपभ्रंश) के चरणों से गुज़रकर लगभग 10वीं शताब्दी में नवीन भारतीय-आर्य चरण में प्रवेश कर गई। चूंकि सिंध क्षेत्र अविभाजित भारत की पश्चिमोत्तर सीमा पर स्थित था, इसलिए इसे लगातार आक्रमणों का सामना करना पड़ा। 1100 वर्षों से अधिक समय तक यह क्षेत्र मुस्लिम शासन में रहा, इसलिए सिंधी भाषा में अरबी और फ़ारसी के शब्द अधिक हैं। इसके बावजूद मूल शब्द-संग्रह और व्याकरण संरचना लगभग अपरिवर्तित है।
भूगोल
सिंधी भाषा के रूप में सिंध क्षेत्र में बोली जाती है, जो 1947 में भारत के विभाजन के बाद पाकिस्तान का हिस्सा बन गया था। परिणामस्वरूप, उस समय के सामाजिक-राजनीतिक संकट से मजबूर होकर 12 लाख सिंधी भाषी हिन्दुओं को भारत में शरण लेनी पड़ी थी। भारत में सिंधियों का कोई विशेष भाषाई राज्य नहीं है, लेकिन उनकी न्यायोचित माँग को देखते हुए 10 अप्रैल 1967 को सिंधी को संविधान की 8वीं अनुसूची में मान्यता प्रदान की गई। सिंधी आबादी समूचे भारत में फैली हुई है और गुजरात (अहमदाबाद व वडोदरा), महाराष्ट्र (मुंबई, उल्हासनगर व पुणे), राजस्थान (अजमेर, जयपुर, जोधपुर व उदयपुर), उत्तर प्रदेश (आगरा, कानपुर, लखनऊ व वाराणसी), मध्य प्रदेश (भोपाल, इन्दौर, ग्वालियर व रायपुर) तथा दिल्ली के नगरों व शहरों में इनकी सघनता है। शैक्षिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में सिंधी भाषा ने भारत और पाकिस्तान में उल्लेखनीय प्रगति की है। सिंध में इसका उपयोग सरकारी भाषा के रूप में होता है। पाकिस्तान की 1981 की जनगणना रिपोर्ट के अनुसार, वहाँ लगभग डेढ़ करोड़ लोगों ने सिंधी को अपनी मातृभाषा स्वीकार किया है। दूसरी तरफ़ भारत में 1991 की जनगणना रिपोर्ट के अनुसार, देश के विभिन्न प्रान्तों में रहने वाले सिंधी भाषी लोगों की संख्या लगभग 22 लाख है। अधिकांश सिंधी व्यापारिक समुदाय के हैं; लगभग 20 लाख सिंधी विश्व के अन्य देशों में बसे हुए हैं।