डच भाषा

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें

डच भाषा यूरोप के हालैंड देश की भाषा है। नीदरलैंड राज्य के सिवाए यह बेल्जियम के उत्तरी आधे भाग में, फ़्राँस के नार्ड ज़िले के ऊपरी हिस्से में तथा यूरोप के बाहर डच न्यूगिनी आदि क्षेत्रों में बोली जाती है। संयुक्त राज्य अमरीका तथा कनाडा में रहने वाले डच नागरिकों की भी यह मातृभाषा है। इस प्रकार इसके बोलने वालों की कुल संख्या डेढ़ करोड़ के लगभग अनुमान की जाती है।

प्रसार

दक्षिण अफ़्रीकी यूनियन राज्य में भी बहुत से डच मूल के नागरिक रहते हैं और उनकी भाषा भी डच भाषा से बहुलांश में मिलती-जुलती है, यद्यपि अब वह एक स्वतंत्र भाषा के रूप में विकसित हो गई है। प्रारंभ में हालैंड वालों की भाषा को उत्तर समुद्र तथा बाल्टिक समुद्र के तट पर रहने वाले जर्मनों की स्थानीय बोलियों में एक स्वतंत्र स्थान प्राप्त था। पहले यह मुख्य रूप से पश्चिमी फ्लैंडर्स में प्रचलित थी, किंतु 16वीं शताब्दी में डच संस्कृति के साथ-साथ इसका प्रचार भी उत्तर की ओर बढ़ता गया। स्पेनी आधिपत्य से मुक्त हो जाने के बाद हालैंड की उन्नति क्षिप्रगति से होने लगी, जिससे डच भाषा का विकास भी तेज़ीसे होने लगा। स्पेनी सत्ता के अधीन बचे हुए दक्षिणी प्रांतों से भागकर आने वाले शरणार्थियों से भी इसमें सहायता मिली। डच भाषा में दक्षिण का प्रभाव आज भी स्पष्ट देख पड़ता है। हालैंड की बोल-चाल की तथा साहित्यिक भाषा में आज भी काफ़ी अंतर देखाई पड़ता है, यद्यपि दक्षिण से आए हुए शब्दों के कारण यह खाई अधिक गहरी नहीं होने पाई।[1]

फ़्रेंच तथा फ़्लेमिश

दक्षिण के कई भागों में[2], जो अब बेल्जियम में शामिल है, आज की कई बोलियाँ प्रचलित हैं। इन सबका सामूहिक नाम 'फ्लेमिश' है। यद्यपि स्कूलों में साहित्यिक भाषा भी पढ़ाई जाती है, तथापि सामान्य लोग प्राय: स्थानीय बोलियों में ही परस्पर बातचीत करते हैं। ब्रूसेल्स में बहुत से शिक्षित लोगों की भाषा आज भी फ़्रेंच बनी हुई है, किंतु 'फ़्लेमिश' का प्राधान्य बढ़ता जा रहा है। क़ानून की दृष्टि से फ़्रेंच तथा फ़्लेमिश दोनों को समान रूप से मान्यता प्राप्त है। जहाँ तक वर्तमान हालैंड राज्य का प्रश्न है, भाषा की दृष्टि से स्थिति उतनी जटिल नहीं है।

16वीं तथा 17वीं शताब्दियों में जो नए-नए प्रदेश हालैंड में शामिल होते गए, उनमें भी कृत्रिम रूप से डच भाषा का प्रसार होता गया। कुछ स्थानीय बोलियाँ भी प्रचलित हैं, जिनमें सबसे पृथक् अस्तित्व 'फ्रीजियन' का है, जो फ्रीजलैंड प्रदेश में बोली जाती है। आमस्टर्डम से जैसे-जैसे पूर्व की ओर चलते हैं, इन बोलियों में पूर्वी प्रभाव अधिक लक्षित होने लगता है, जिससे समीपस्थ जर्मन क्षेत्रों की सामान्य जर्मन बोलियों से उनका सादृश्य स्पष्ट हो जाता है।


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी

  1. डच भाषा (हिन्दी) भारतखोज। अभिगमन तिथि: 12 जून, 2014।
  2. पश्चिमी फ्लैंडर्स, पूर्वी फ्लैंडर्स, एंटवर्प, ब्रैवंट आदि में

संबंधित लेख