ब्रज की संस्कृति

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें
ब्रज विषय सूची
ब्रज की संस्कृति
ब्रज के विभिन्न दृश्य
विवरण भागवत में ‘ब्रज’ क्षेत्र विशेष को इंगित करते हुए ही प्रयुक्त हुआ है। वहाँ इसे एक छोटे ग्राम की संज्ञा दी गई है। उसमें ‘पुर’ से छोटा ‘ग्राम’ और उससे भी छोटी बस्ती को ‘ब्रज’ कहा गया है। 16वीं शताब्दी में ‘ब्रज’ प्रदेश के अर्थ में होकर ‘ब्रजमंडल’ हो गया और तब उसका आकार 84 कोस का माना जाने लगा था।
ब्रज क्षेत्र आज जिसे हम ब्रज क्षेत्र मानते हैं उसकी दिशाऐं, उत्तर दिशा में पलवल (हरियाणा), दक्षिण में ग्वालियर (मध्य प्रदेश), पश्चिम में भरतपुर (राजस्थान) और पूर्व में एटा (उत्तर प्रदेश) को छूती हैं।
ब्रज के केंद्र मथुरा एवं वृन्दावन
ब्रज के वन कोटवन, काम्यवन, कुमुदवन, कोकिलावन, खदिरवन, तालवन, बहुलावन, बिहारवन, बेलवन, भद्रवन, भांडीरवन, मधुवन, महावन, लौहजंघवन एवं वृन्दावन
भाषा हिंदी और ब्रजभाषा
प्रमुख पर्व एवं त्योहार होली, कृष्ण जन्माष्टमी, यम द्वितीया, गुरु पूर्णिमा, राधाष्टमी, गोवर्धन पूजा, गोपाष्टमी, नन्दोत्सव एवं कंस मेला
प्रमुख दर्शनीय स्थल कृष्ण जन्मभूमि, द्वारिकाधीश मन्दिर, राजकीय संग्रहालय, बांके बिहारी मन्दिर, रंग नाथ जी मन्दिर, गोविन्द देव मन्दिर, इस्कॉन मन्दिर, मदन मोहन मन्दिर, दानघाटी मंदिर, मानसी गंगा, कुसुम सरोवर, जयगुरुदेव मन्दिर, राधा रानी मंदिर, नन्द जी मंदिर, विश्राम घाट , दाऊजी मंदिर
संबंधित लेख ब्रज का पौराणिक इतिहास, ब्रज चौरासी कोस की यात्रा, मूर्ति कला मथुरा
अन्य जानकारी ब्रज के वन–उपवन, कुन्ज–निकुन्ज, श्री यमुना व गिरिराज अत्यन्त मोहक हैं। पक्षियों का मधुर स्वर एकांकी स्थली को मादक एवं मनोहर बनाता है। मोरों की बहुतायत तथा उनकी पिऊ–पिऊ की आवाज़ से वातावरण गुन्जायमान रहता है।

ब्रज के वन-उपवन, कुन्ज-निकुन्ज, यमुना व गिरिराज अत्यन्त मोहक हैं। पक्षियों का मधुर स्वर एकांकी स्थली को मादक एवं मनोहर बनाता है। मोरों की बहुतायत तथा उनकी पिऊ-पिऊ की आवाज़ से वातावरण गुन्जायमान रहता है। बाल्यकाल से ही भगवान कृष्ण की सुन्दर मोर के प्रति विशेष कृपा तथा उसके पंखों को शीष मुकुट के रूप में धारण करने से स्कन्द वाहन स्वरूप मोर को भक्ति साहित्य में महत्त्वपूर्ण स्थान मिला है। भारत सरकार ने मोर को राष्ट्रीय पक्षी घोषित कर इसे संरक्षण दिया है। ब्रज की महत्ता प्रेरणात्मक, भावनात्मक व रचनात्मक है तथा साहित्य और कलाओं के विकास के लिए यह उपयुक्त स्थली है। संगीत, नृत्य एवं अभिनय ब्रज की संस्कृति के प्राण बने हैं। ब्रजभूमि अनेकानेक मठों, मूर्तियों, मन्दिरों, महंतों, महात्माओं और महामनीषियों की महिमा से वन्दनीय है। यहाँ सभी सम्प्रदायों की आराधना स्थली है। ब्रज की रज का महात्म्य भक्तों के लिए सर्वोपरि है।

इसीलिए ब्रज चौरासी कोस में 21 किलोमीटर की गोवर्धन-राधाकुण्ड, 27 किलोमीटर की गरुड़ गोविन्द-वृन्दावन, 5-5 कोस की मथुरा-वृन्दावन, 15-15 किलोमीटर की मथुरा, वृन्दावन; 6-6 किलोमीटर नन्दगांव, बरसाना, बहुलावन, भांडीरवन, 9 किलोमीटर की गोकुल, 7.5 किलोमीटर की बल्देव, 4.5-4.5 किलोमीटर की मधुवन, लोहवन; 2 किलोमीटर की तालवन, 1.5 किलोमीटर की कुमुदवन की नंगे पांव तथा दण्डोती परिक्रमा लगाकर श्रृद्धालु धन्य होते हैं। प्रत्येक त्योहार, उत्सव, ऋतु माह एवं दिन पर परिक्रमा देने का ब्रज में विशेष प्रचलन है। देश के कोने-कोने से आकर श्रृद्धालु ब्रज परिक्रमाओं को धार्मिक कृत्य और अनुष्ठान मानकर अति श्रद्धा भक्ति के साथ करते हैं। इनसे नैसर्गिक चेतना, धार्मिक परिकल्पना, संस्कृति के अनुशीलन उन्नयन, मौलिक व मंगलमयी प्रेरणा प्राप्त होती है। आषाढ़ तथा अधिक मास में गोवर्धन पर्वत परिक्रमा हेतु लाखों श्रद्धालु आते हैं। ऐसी अपार भीड़ में भी राष्ट्रीय एकता और सद्भावना के दर्शन होते हैं। भगवान श्रीकृष्ण, बलदाऊ की लीला स्थली का दर्शन तो श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख है ही, यहाँ अक्रूर जी, उद्धव जी, नारद जी, ध्रुव जी और वज्रनाथ जी की यात्रायें भी उल्लेखनीय हैं।

जैन संस्कृति का प्रभाव

पौराणिक युग में ब्रज में अनेक संस्कृतियों का समन्वय होते-होते जो ब्रज संस्कृति बनी, वह ऐतिहासिक युग में और भी विकसित हुई। जैसा कि प्रथम शताब्दी में जैन धर्म ने ब्रज को विशेष रूप से प्रभावित किया। जैन धर्म के 22वें तीर्थंकर नेमिनाथजी ब्रज के शौरिपुर राज्य के राजकुमार व भगवान श्रीकृष्ण के चचेरे भाई थे। मथुरा में जब वह विवाह के लिए पधारे, तब बारात के भोजन में पकड़े गए पशुओं के विशाल समूह को देखकर उन्होंने जीव-हिंसा के विरुद्ध विवाह करना ही अस्वीकार कर दिया और तप करने चले गए। बाद में उनकी अविवाहित पत्नी राजुल ने भी उन्हीं का अनुकरण किया। इससे ब्रज में जीव-हिंसा विरोधी जो प्रतिक्रिया हुई उसने पूरे समाज को ही प्रभावित किया। आज भी ब्रजवासियों का भोजन निरामिष व सात्विक है। अभी भी अधिकांश ब्रजवासी प्याज और यहाँ तक कि कुछ तो टमाटर तक से परहेज करते हैं। मथुरा व शौरिपुर दोनों ही किसी समय जैन धर्म के गढ़ थे। बटेश्वर में तीर्थंकर की जो दिव्य प्रतिमा है, वह आल्हा द्वारा स्थापित कही जाती है। जंबू स्वामी के कारण चौरासी तीर्थ आज भी भारत प्रसिद्ध है। कंकाली टीले पर किसी युग में जैन धर्म का प्रधान केंद्र था। यहाँ का विशाल जैन स्तूप देव निर्मित माना जाता था। जैनों का एक युग में इस क्षेत्र पर भारी प्रभाव था।

बौद्ध धर्म का प्रचार-प्रसार

बौद्ध धर्म का भी मथुरा में व्यापक प्रचार रहा था। जब भगवान गौतम बुद्ध प्रथम बार मथुरा आए तो उस समय यहाँ यक्षों का बड़ा आतंक था। वैंदा नामक यक्षिणी ने पहले भगवान बुद्ध को परेशान किया, परंतु बाद में वह उनकी भक्त बन गई थी। मथुरा में बौद्ध धर्म कितना फला-फूला और उसका यहाँ कितना विस्तार हुआ, यह चीनी यात्री फाह्यानह्वेनसांग के वर्णनों से स्पष्ट हो जाता है। बुद्ध के सौ वर्ष बाद मथुरा में ही प्रसिद्ध भिक्षु उपगुप्त का जन्म हुआ था। वे मौर्य सम्राट अशोक को अपना शिष्य बनाकर बौद्ध धर्म को भारत से बाहर पूरे एशिया में फैलाने मे सफल हुए। मथुरा के ही कुशल कलाकारों ने सर्वप्रथम भगवान बुद्ध की मूर्ति का निर्माण किया था। मथुरा में बौद्धों के जितने विहार और संघाराम थे, उनका वर्णन विदेशी यात्रियों ने बड़े विस्तार से किया है। इस प्रकार जब तक भारत स्वतंत्र रहा, ब्रज की संस्कृति समन्वय तथा उच्च आदर्शों को अनुप्रमाणित करती हुई विविध प्रभावों से नवीन ओज, तेज और संवुद्धिशाली बनी रही, परंतु देश पर मुस्लिमों के आक्रमणों के बाद स्थिति बदल गई। ब्रज की संस्कृति और संवृद्धि पर पहला आक्रमण महमूद गज़नवी के नेतृत्व में हुआ।



पीछे जाएँ
ब्रज की संस्कृति
आगे जाएँ


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख