राम मन्दिर, अयोध्या

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
रविन्द्र प्रसाद (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 06:36, 14 फ़रवरी 2024 का अवतरण (''''राम मन्दिर''' (अंग्रेज़ी: ''Ram Mandir'') विश्व का प्रसिद्ध...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें

राम मन्दिर (अंग्रेज़ी: Ram Mandir) विश्व का प्रसिद्ध मन्दिर है जो भारत के उत्तर प्रदेश राज्य की धार्मिक नगरी अयोध्या में स्थित है। यह प्रसिद्ध मन्दिर भगवान श्रीराम को समर्पित है। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 22 जनवरी, 2024 को मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के पवित्र कार्यक्रम को पूरा किया था। परंपरागत नागर शैली में तैयार किये गए इस मंदिर की सुन्दरता देखने योग्य है। राम मन्दिर की देखरेख 'श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट' द्वारा की जा रही है। हिन्दू मान्यानुसार यह मन्दिर राम जन्मभूमि स्थल पर स्थित है, जो हिन्दू धर्म के मुख्याराध्य श्रीराम का पौराणिक जन्मस्थान है। 5 अगस्त, 2020 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राम मन्दिर के निर्माणारम्भ हेतु भूमि पूजन किया था। इसके बाद 22 जनवरी, 2024 को उन्होंने राम मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा (अभिषेक) के अनुष्ठान में मुख्य यजमान निभाया।

विशेषताएँ

राम मन्दिर की निम्न विशेषताएँ हैं-

  • मंदिर परंपरागत नागर शैली में बनाया गया है। मंदिर की लंबाई (पूर्व से पश्चिम) 380 फुट, चौड़ाई 250 फुट और ऊंचाई 161 फुट है। वहीं 3 मंजिला मंदिर में प्रत्येक मंजिल की ऊंचाई 20 फुट जहां कुल 392 खंभे और 44 द्वार बनाये गए हैं।[1]
  • राम मंदिर ट्रस्ट के मुताबिक मुख्य गर्भगृह में प्रभु श्रीराम का बालरूप (श्रीरामलला सरकार का विग्रह) और प्रथम तल पर श्रीराम दरबार बनाया गया है। मंदिर में पूर्व दिशा से 32 सीढ़ियां चढ़कर सिंहद्वार से प्रवेश किया जा सकेगा।
  • मंदिर के 70 एकड़ क्षेत्र में से 70 प्रतिशत क्षेत्र हमेशा हरा-भरा रहेगा। वहीं मंदिर में लोहे का उपयोग नहीं किया गया है और न ही धरती के ऊपर कंक्रीट बिछाई गयी है।
  • मंदिर में 5 मंडप बनाये गए हैं, जिनके नाम इस प्रकार हैं-
  1. नृत्य मंडप
  2. रंग मंडप
  3. सभा मंडप
  4. प्रार्थना मंडप
  5. कीर्तन मंडप
  • मंदिर के खंभों व दीवारों में देवी-देवता तथा देवांगनाओं की मूर्तियां उकेरी गयी हैं जो मंदिर की खूबसूरती को और बढ़ा देती हैं। दिव्यांगजन एवं वृद्धों के लिए मंदिर में रैम्प व लिफ्ट की व्यवस्था की गयी है।
  • राम मंदिर के चारों ओर आयताकार परकोटा रहेगा। चारों दिशाओं में इसकी कुल लंबाई 732 मीटर तथा चौड़ाई 14 फीट है। परकोटा के चारों कोनों पर सूर्यदेव, मां भगवती, गणपतिभगवान शिव को समर्पित चार मंदिरों का निर्माण किया गया है। वहीं उत्तरी भुजा में मां अन्नपूर्णा, व दक्षिणी भुजा में हनुमान जी का मंदिर है।
  • मंदिर के समीप पौराणिक काल का सीताकूप विद्यमान रहेगा। मंदिर परिसर में प्रस्तावित अन्य मंदिर- महर्षि वाल्मीकि, महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, निषादराज, माता शबरी व ऋषिपत्नी देवी अहिल्या को समर्पित होंगे।
  • दक्षिण पश्चिमी भाग में नवरत्न कुबेर टीला पर भगवान शिव के प्राचीन मंदिर का जीर्णो‌द्धार किया गया है और वहां जटायु की प्रतिमा की स्थापना की गई है।
  • मंदिर के नीचे 14 मीटर मोटी रोलर कॉम्पेक्टेड कंक्रीट बिछाई गई है। इसे कृत्रिम चट्टान का रूप दिया गया है। मंदिर को धरती की नमी से बचाने के लिए 21 फीट ऊंची प्लिंथ ग्रेनाइट से बनाई गई है। मंदिर परिसर में स्वतंत्र रूप से सीवर ट्रीटमेंट प्लांट, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, अग्निशमन के लिए जल व्यवस्था तथा स्वतंत्र पॉवर स्टेशन का निर्माण किया गया है, ताकि बाहरी संसाधनों पर न्यूनतम निर्भरता रहे।[1]
  • 25 हजार क्षमता वाले एक दर्शनार्थी सुविधा केंद्र का निर्माण किया जा रहा है, जहां दर्शनार्थियों का सामान रखने के लिए लॉकर व चिकित्सा की सुविधा रहेगी।
  • मंदिर परिसर में स्नानागार, शौचालय, वॉश बेसिन, ओपन टैप्स आदि की सुविधा भी रहेगी। मंदिर का निर्माण पूर्णतया भारतीय परम्परानुसार व स्वदेशी तकनीक से किया जा रहा है। पर्यावरण-जल संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

और क्या देखें

यदि अयोध्या घूमने की योजना बना रहे हैं तो राम मंदिर के अलावा अयोध्या में और भी कई जगहों पर घूमने की योजना कर सकते हैं। अयोध्या में कम बजट में भी कई स्थानों पर घूमा जा सकता है।[2]

कनक भवन

यह भवन अयोध्या के बेहतरीन और प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है। ऐसा माना जाता है कि यह भवन भगवान श्रीराम से विवाह के तुरंत बाद महारानी कैकेयी द्वारा सीता को उपहार में दिया गया था। यह देवी सीता और भगवान राम का निजी महल है।

गुलाबबाड़ी

गुलाबबाड़ी शहर के सबसे सुंदर बगीचों में से एक है। एक बड़े भू-भाग में फैले इस स्थल की हरियाली लोगों को सम्मोहित करती है। अवध के तीसरे नवाब शुजा-उद-दौला और उनके परिजनों की यहां समाधि बनी हुई है। यहां शानदार मकबरा है, जो विशाल दीवारों से घिरा हुआ है। 8वीं सदी में इस बगीचे में रंगीन गुलाब की कई किस्में लगाई गई थीं।

बहू बेगम का मकबरा

अयोध्या स्थित बहू-बेगम के मकबरे को 'पूर्वांचल का ताजमहल' कहा जाता है। इसे अवध के तीसरे नवाब शुजाउद्दौला ने कई साल पहले अपनी पत्नी की याद में बनवाया था।

नागेश्वरनाथ मंदिर

ऐसा कहा जाता है कि नागेश्वरनाथ मंदिर को राम के पुत्र कुश ने बनवाया था। माना जाता है जब कुश सरयू नदी में नहा रहे थे तो उनका बाजूबंद खो गया था। बाजूबंद एक नाग कन्या को मिला, जिसे कुश से प्रेम हो गया। वह शिव भक्त थी। कुश ने उसके लिए यह मंदिर बनवाया था।

तुलसी स्मारक भवन

तुलसी स्मारक महान संत कवि गोस्वामी तुलसीदास को समर्पित है। नियमित रूप से यहां प्रार्थना, भक्ति संगीत और धार्मिक प्रवचन आयोजित होते हैं। परिसर में स्थित 'अयोध्या शोध संस्थान' के पास गोस्वामी तुलसीदास पर साहित्यिक रचनाओं का एक बड़ा भंडार है।

हनुमानगढ़ी

अयोध्या का हनुमानगढ़ी काफी प्रसिद्ध है। यहां एक गुफ़ा है जिसको लेकर कहा जाता है कि यहां हनुमान विराजते हैं। यहां जाकर काफी शांति का अहसास होता है।

सरयू घाट

अयोध्या में राम मंदिर दर्शन के बाद सरयू घाट पर जरूर जाना चाहिए। यह सरयू नदी के तट पर मौजूद है। रामनवमी, दीपावली, विजयादशमी जैसे पर्व पर यहां हजारों की संख्या में लोग आते हैं।

मोती महल

यह महल फैजाबाद में एक स्मारक है, जिसका ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व है। मोती महल को अक्सर 'पर्ल पैलेस' कहा जाता है।


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. 1.0 1.1 क्या है अयोध्या के 'राम मंदिर' की मुख्य विशेषताएं (हिंदी) jagranjosh.com। अभिगमन तिथि: 14 फ़रवरी, 2024।
  2. अयोध्या में राम मंदिर घूमने के बाद इन जगहों का करें प्लान (हिंदी) zeebiz.com। अभिगमन तिथि: 14 फ़रवरी, 2024।

बाहरी कड़ियाँ

संबंधित लेख