अलकपाद (सिरिपीडिया) कठिनिवर्ग (क्रस्टेशिया) के अंतर्गत एक अनुवर्ग के जीव हैं। इनमें कई जातियाँ हैं। सभी केवल समुद्र में रहते हैं। कुछ अलकपाद खाड़ियों तथा नदियों के मुहानों में भी मिलते हैं। कुछ अलकपाद परजीवी जीवन व्यतीत करते हैं। अधिकांश अलकपाद प्रौढ़ अवस्था में चट्टानों या बहते हुए पदार्थो से अपने अग्र भाग (गरदन) द्वारा चिपके रहते हैं। साधारणतया ये तीन इंच लंबे होते हैं, किंतु एक जाति के सदस्य लगभग नौ इंच लंबे और सवा इंच मोटी गरदन के होते हैं। जहाजों पर कभी कभी अलकपाद इतनी संख्या में चिपक जाते हैं कि जहाज का वेग आधा हो जाता है, इंजनों में तेल या कोयला बहुत खर्च होता है और मशीनों पर अनुचित बल पड़ता है। इसलिए जहाजों को नौनिवेश (डॉक) में रखकर बार-बार साफ करना पड़ता है। अनुमान किया गया है कि इस सफाई में प्रति वर्ष पचास करोड़ रुपए से अधिक ही खर्च होता होगा। कुछ जंगली मनुष्य जातियाँं बड़े अलकपादों का मांस खाती हैं। जापान के लोग समुद्र में बांस बांध देते हैं और जब उनपर पर्याप्त अलकपाद चिपक जाते हैं तो उनको खुरचकर छुड़ा लेते हैं और खेतों में खाद की तरह डालते हैं। अलकपादों के शरीर अपूर्ण, उदर अविकसित, उर से निकली तीन जोड़ी द्विशाखी टांगें ओर एक जोड़ी पुच्छकंटिका (कॉडल स्टाइल्स) होती है। आँख नहीं होती और डिंभ (छोटा बच्चा, लार्वा) स्पर्शसूत्रकों (ऐंटन्यूल्स) द्वारा चिपकता है, परंतु प्रौढ़ अवस्था में इन सूत्रों के चिह्न मात्र रह जाते हैं। स्पर्शसूत्र (ऐंटेनी) बिलकुल नहीं होते। बारनेकल और सोपीनुपा अलपकाद अलकपादों के परिचित उदाहरण हैं।
बारनेकल अपने एँडीनुमा अग्रभाग से, जिसे ऊपर गरदन कहा गया है। और जिसे अंग्रेजी में पेंडकल (छोटा पैर) कहते हैं, समुद्र में बहते हुए पदार्थों से चिपके रहते हैं। सीपीनुमा जातियों में एँडीवाला भाग नहीं होता, ये सिर के अग्रभाग के चट्टानों में चिपके पाए जाते हैं ओर चारों तरफ कड़े पट्टों से घिरे रहते हैं जंतु का सारा शरीर, जो मुंडक (कैपिटुलम) कहलाता है, द्विपुट चर्म के खोल से ढंका रहता है और यह खोल पाँच कड़े पट्टों से सुरक्षित रहता है। द्विपुट खोल नीचे की ओर खुला रहता है, जिनसे द्विशाखी टाँगें निकली रहती हैं। खोल के पिछले भाग की ओर मुँह रहता है। खाने के समय यह जीव अपनी टाँगे जल्दी जल्दी बाहर भीतर इस प्रकार निकालता है और खींचता है कि खाद्य वस्तुएँ, जो पानी में रहती हैं, मुँह में चली जाती हैं। इस तरह वह अपना पेट भरता है। छेड़ने से टाँगों का चलना बंद हो जाता हैं और खोल के पुट बंद हो जाते हैं। टाँगे रोएँदार पर की तरह होती हैं और वे नन्हें समुद्री जीवों को पकड़ने में जाल का काम देती हैं। इन्हीं केश के समान टाँगों के कारण इन प्राणियों का नाम अलकपाद पड़ा है। अंग्रेजी शब्द सिरिपीडिया का अर्थ ठीक यही है- केश के समान पैरवाले प्राणी।
अधिकांश प्रौढ़ अलकपाद उभयलिंगी होते हैं। एक का निषेचन दूसरे से,या अपने से ही, होता है। कुछ जातियाँ ऐसी भी हैं जिनमें यौन संरचना तीन प्रकार की होती है। स्कैल्पेलम् जाति में कुछ प्राणी उभयालिंगी, कुछ मादा और कुछ केवल नर ही होते हैं। मादा माप और आकार में तो उभयलिंगी प्राणी के सदृश होती हैं, परंतु इनमें वृषणकोष (टेस्टीज़) नहीं होते। नर उभयलिंगी और मादा की अपेक्षा बहुत ही छोटे होते हैं। ये या तो मादा के संरक्षक पट्टों के भीतर या उसके मुँह के पास रहते हैं। इनका कार्य एकांतवासी मादाओं का निषेचन करना होता है।