पी. ए. संगमा
पी. ए. संगमा
| |
पूरा नाम | पूर्णो अगितोक संगमा |
जन्म | 1 सितम्बर, 1947 |
जन्म भूमि | पश्चिम गारो हिल्स ज़िला, मेघालय |
मृत्यु | 4 मार्च, 2016 |
मृत्यु स्थान | नई दिल्ली |
नागरिकता | भारतीय |
प्रसिद्धि | राजनेता |
पार्टी | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (1999 से पहले); राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी; (1999 से 2004, 2005 से 2012); ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (2004 से 2005) |
पद | मेघालय के मुख्यमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष |
कार्य काल | मुख्यमंत्री - 6 फ़रवरी, 1988 - 25 मार्च, 1990; अध्यक्ष - 25 मई, 1996 - 23 मार्च, 1998 |
शिक्षा | स्नातकोत्तर |
विद्यालय | सेंट एन्थोनी कालेज, डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय, असम |
अन्य जानकारी | पी. ए. संगमा 1986 के आम चुनावों में तुरा संसदीय क्षेत्र से पांचवी बार लोक सभा के लिए निर्वाचित हुए थे। 23 मई, 1996 को सभी पार्टियों ने दलगत भावना से ऊपर उठते हुए उन्हें सर्वसम्मति से 11वीं लोक सभा का अध्यक्ष निर्वाचित किया। |
अद्यतन | 14:39, 21 सितम्बर 2012 (IST)
|
पूर्णो अगितोक संगमा (अंग्रेज़ी: Purno Agitok Sangma, जन्म: 1 सितम्बर, 1947, पश्चिम गारो हिल्स ज़िला, मेघालय; मृत्यु: 4 मार्च, 2016, नई दिल्ली) भारत के राजनीतिज्ञों में से एक थे। पूर्व में वे मेघालय के मुख्यमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष भी रह चुके थे। वे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सह-संस्थापक थे। संगमा आठ बार लोकसभा-सदस्य रहे। सन 2012 में उन्होंने भारत के राष्ट्रपति का चुनाव भी लड़ा था, जिसमें वह प्रणब मुखर्जी से हार गये थे।
विषय सूची
जीवन परिचय
पूर्णो अगितोक संगमा का जन्म 1 सितम्बर, 1947 को पूर्वोत्तर भारत में मेघालय राज्य के रमणीक पश्चिमी गारो हिल ज़िले के चपाहटी गांव में हुआ था। छोटे से आदिवासी गांव में पले बालक संगमा ने अपने जीवन के आरंभिक वर्षों में ही यह महसूस कर लिया था कि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ेगा। उन्होंने अपनी मां, जिन्होंने उनके अंदर कर्मठता, विनम्रता, ईमानदारी के चारित्रिक गुणों का संचार किया था, से प्रेरणा प्राप्त कर यह समझ लिया कि शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है। सेंट एन्थोनी कालेज से स्नातक डिग्री लेने के बाद वह अंतरराष्ट्रीय संबंधों में स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त करने के लिए असम में डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय गए। बाद में उन्होंने विधि स्नातक की उपाधि प्राप्त की।