जोनराज
जोनराज संस्कृत के विद्वान् टीकाकार एवं इतिहासकार थे। कश्मीर के सुल्तान जैनुल आबिदीन (1420-1470 ई.) के वे राजदरबारी पंडित थे। यद्यपि उनके जन्म और मृत्यु की निश्चित तिथियाँ अज्ञात हैं, तथापि 1389 से 1459 ई. के बीच उनका जीवित रहना अधिक संभावित है। जोनराज ने महाकवि जयानक कृत ऐतिहासिक ग्रंथ 'पृथ्वीराजविजय महाकाव्यम्' की विद्वत्तापूर्ण टीका लिखी थी।
परिचय
जोनराज के पिता का नाम 'नोनराज' और पितामह का 'लोलराज' था। ब्राह्मण परिवार में उत्पन्न जोनराज कुशाग्र बुद्धि थे। उन्होंने संस्कृत साहित्य का प्रगाढ़ अध्ययन किया था। कश्मीर के सुल्तान जैनुल आबिदीन की न्यायप्रियता के परिणामस्वरूप उन्हें पैतृक संपत्ति भी मिल गई थी। प्रसिद्ध 'किरातार्जुनीयम्' (1449 ई.) और महाकवि मंख विरचित 'श्रीकंठचरितम्' पर ललित टीकाएँ लिखने के बाद जोनराज ने महाकवि जयानक कृत ऐतिहासिक ग्रंथ 'पृथ्वीराजविजय महाकाव्यम्' की विद्वत्तापूर्ण टीका लिखी।[1]
'द्वितीय राजतरंगिणी' की रचना
जोनराज की 'पृथ्वीराजविजय' की टीका से प्रकट है कि उनमें अर्थज्ञान, ऐतिहासिक निवेश, सही व्याख्या तथा स्वतंत्र टिप्पणियों के लेखन का अद्भुत कौशल था। कदाचित् उनकी इसी टीका से प्रभावित होकर सल्तनत के न्यायालयों के निरीक्षक[2] शिर्यभट्ट ने उन्हें कल्हण की 'राजतरंगिणी' को पूर्ण करने की आज्ञा दी। कल्हण 'कश्मीर का इतिहास' 1149-1150 ई. तक ही लिख सकते थे। उसके आगे 1459 ई. तक का इतिहास जोनराज ने लिखा, जो 'द्वितीय राजतरंगिणी' के नाम से विख्यात है। उसमें जोनराज ने जयसिंह से रानीकोटा तक के हिन्दू राजाओं का 347 श्लोकों में (डॉ. पिटर्सन द्वारा संशोधित 'द्वितीय राजतरंगिणी', बंबई संस्करण, 1896) संक्षिप्त वर्णन किया है। इसमें शाहमीर के कश्मीर हड़पने (1339 ई.) से लेकर जैनुल आबिदीन के राज्य काल के 1459 ई. तक के इतिहास का अधिक वर्णन है।