यदुनाथ सरकार
यदुनाथ सरकार
| |
पूरा नाम | यदुनाथ सरकार |
जन्म | 10 दिसम्बर, 1870 |
जन्म भूमि | राजशाही ज़िला, वर्तमान बांग्लादेश |
मृत्यु | 15 मई, 1958 |
मृत्यु स्थान | कलकत्ता (अब कोलकाता) |
पति/पत्नी | कादम्बिनी, लेडी सरकार |
कर्म भूमि | भारत |
कर्म-क्षेत्र | इतिहासकार, प्राचार्य |
मुख्य रचनाएँ | 'इंडिया ऑफ़ औरंगज़ेब', 'हिस्ट्री ऑफ़ औरंगज़ेब', 'शिवाजी एंड हिज टाइम', 'नादिरशाह इन इंडिया', 'हाउस ऑफ़ शिवाजी' आदि। |
विषय | इतिहास |
विद्यालय | प्रेसिडेंसी कॉलेज, कोलकाता |
शिक्षा | एम.ए. (अंग्रेज़ी साहित्य) |
प्रसिद्धि | इतिहासवेत्ता |
विशेष योगदान | मुग़ल और मराठा इतिहास पर कई ग्रन्थ लिखे, इन ग्रन्थों की प्रमाणिक सामग्री ने इन्हें ख्यातिप्राप्त इतिहासकार बना दिया। |
इन्हें भी देखें | कवि सूची, साहित्यकार सूची |
यदुनाथ अथवा जदुनाथ सरकार (अंग्रेज़ी: Jadunath Sarkar, जन्म- 10 दिसम्बर, 1870 ई.; मृत्यु- 15 मई, 1958 ई.) को एक प्रसिद्ध इतिहासकार के रूप में जाना जाता है। ये ज़मींदार परिवार से सम्बन्ध रखते थे। इन्होंने 1892 में अंग्रेज़ी साहित्य में एम.ए. की परीक्षा पास की और जीवन का अधिकांश समय ग्रन्थों के अध्ययन और लेखन में व्यतीत किया। इतिहास और अंग्रेज़ी के प्रोफ़ेसर के रूप में भी इन्होंने अपनी विशिष्ट सेवाएँ प्रदान की थीं। यदुनाथ सरकार ने मुग़ल और मराठा इतिहास पर कई ग्रन्थ लिखे, इन ग्रन्थों की प्रमाणिक सामग्री ने इन्हें ख्यातिप्राप्त इतिहासकार बना दिया।
जन्म तथा शिक्षा
प्रसिद्ध इतिहासवेत्ता यदुनाथ सरकार का जन्म 10 दिसम्बर, 1870 ई. को राजशाही ज़िला, बांग्ला देश, के करछमरिया गांव में एक सम्पन्न ज़मींदार कायस्थ परिवार में हुआ था। 1892 में प्रेसिडेंसी कॉलेज, कोलकाता से 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करके उन्होंने अंग्रेज़ी साहित्य में एम.ए. की परीक्षा पास की। यदुनाथ सरकार ने अपना सम्पूर्ण जीवन अध्यापन और ग्रन्थों की रचना में व्यतीत किया। कुछ समय तक रिपन कॉलेज और विद्यासागर कॉलेज में अंग्रेज़ी के अध्यापक रहने के बाद वे बंगाल प्रान्तीय शिक्षा सेवा में चुन लिये गए।
अध्यापन कार्य
इसके बाद उन्होंने कोलकाता विश्वविद्यालय, पटना विश्वविद्यालय और उत्कल विश्वविद्यालयों में इतिहास और अंग्रेज़ी के प्रोफ़ेसर के पद पर काम किया। पटना में वे 1902 से 1917 तथा 1923 से 1926 तक रहे। 1917 में उनकी नियुक्ति 'काशी हिन्दू विश्वविद्यालय' में इतिहास विभाग के अध्यक्ष पद पर हुई। वहाँ से ये उत्कल विश्वविद्यालय चले गए। 1919 में उन्हें 'भारतीय शिक्षा सेवा' में नियुक्त किया गया। अवकाश ग्रहण करने के बाद दो वर्षों तक वे 'कोलकाता विश्वविद्यालय' के अवैतनिक कुलपति भी रहे। इस दौरान यदुनाथ सरकार कभी भी भारत से बाहर नहीं गए।
टीका टिप्पणी और संदर्भ
भारतीय चरित कोश |लेखक: लीलाधर शर्मा 'पर्वतीय' |प्रकाशक: शिक्षा भारती, मदरसा रोड, कश्मीरी गेट, दिल्ली |पृष्ठ संख्या: 671 |
बाहरी कड़ियाँ
- Sir Jadunath Sarkar Collection
- Sir Jadunath Sarkar (britannica)
- CHARACTER OF SHIVAJI (by Sir Jadunath Sarkar)
- historian Jadunath Sarkar
- Biography of Jadunath Sarkar
- A History of Aurangzeb (Volume 1)
- SHIVAJI AND HIS TIMES (REV EDN)