टेस्सी थॉमस

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
रविन्द्र प्रसाद (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 08:22, 10 मार्च 2017 का अवतरण (''''टेस्सी थॉमस''' (अंग्रेज़ी: ''Tessy Thomas'', जन्म- अप्रैल, 1964...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें

टेस्सी थॉमस (अंग्रेज़ी: Tessy Thomas, जन्म- अप्रैल, 1964) भारत की प्रसिद्ध महिला वैज्ञानिक हैं। उन्हें 'भारत की अग्निपुत्री' और 'मिसाइल वुमन ऑफ़ इण्डिया' कहा जाता है। उन्होंने अपना अब तक का सारा जीवन भारत की अग्नि मिसाइल के अनेक उन्नत एवं परिष्कृत संस्करणों के लिए अनुसन्धान करके फिर उन्हें विकसित करने में ही बिता दिया है। भारत की 3500 कि.मी. तक मार करने वाली अग्नि-4 मिसाइल के सफल परीक्षण के बाद से ही रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की महिला वैज्ञानिक डॉ. टेस्सी थॉमस को 'अग्निपुत्री' के नाम से ही सम्बोधित किया जाने लगा था।

परिचय

डॉ. टेस्सी थॉमस का जन्म अप्रैल, 1964 में केरल के एक कैथोलिक परिवार में हुआ था। इनका नाम शांति की दूत नोबेल पुरस्कार विजेता मदर टेरेसा के नाम पर रखा गया। टेस्सी थॉमस जब स्कूल में पढ़ा करती थीं, उन दिनों 'नासा' का अपोलो यान चाँद पर उतरने वाला था। इन्हें रोज़ाना उस यान के बारे में सुनकर प्रेरणा मिल रही थी कि ये भी एक दिन ऐसा एक रॉकेट बनायें, जो इसी तरह आसमान की ऊंचाई को छू सके। टेस्सी थॉमस का ये उन दिनों एक सपना था। अग्नि-5 की सफलता से टेस्सी थॉमस की मेहनत, लगन और प्रतिभा का ही सपना पूरा नहीं हुआ है, बल्कि एक वह सपना भी पूरा हुआ है, जो इस देश को स्वदेशी रॉकेट और मिसाइल तकनीक से वैज्ञानिक और सामरिक रूप से अपने पैरों पर खड़ा देखने के लिए बरसों पहले भारत के शीर्ष वैज्ञानिकों विक्रम साराभाई और सतीश धवन ने देखा था।

शिक्षा

टेस्सी थॉमस ने त्रिचुर इन्जीनरिंग कॉलेज, कालीकट (केरल) से बी. टेक. किया और इसके बाद एम. टेक. के लिए पुणे स्थित 'डिफेन्स इंस्टिट्यूट ऑफ़ एडवांस टेक्नोलॉजी' की प्रवेश परीक्षा पास की। वे ये परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले तीन छात्रों में से एक थीं और पहली महिला भी। उनकी इसी प्रतिभा के कारण उन्हें 'गाइडेड मिसाइल एंड वेपन टेक्नोलॉजी' के विशेष कोर्स के लिए चुना गया। 1985 में राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में प्रथम आकर टेस्सी थॉमस ने 21 वर्ष की आयु में ही देश के 'रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन' में कदम रखा और इस क्षेत्र में पुरुषों के प्रभुत्व को भी तोड़ा।

अग्नि-5 की परियोजना निदेशक

विश्व ने डॉ. टेस्सी थॉमस को तब पहचाना ही नहीं बल्कि इनका लोहा भी माना, जब इन्होंने 19 अप्रैल, 2012 को देश की सामरिक दृष्टि से अति महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी मिसाइल परियोजना में अग्नि-5 की प्रोजेक्ट डायरेक्टर के रूप में अग्नि-5 की स्ट्राइक रेंज 5,000 किलोमीटर की मिसाइल का सफल परीक्षण कर दिखाया। भारत के लिए मात्र यह एक वैज्ञानिक उपलब्धि ही नहीं थी अपितु यह देश की सामरिक शक्ति और रक्षा कवच का भी पूरे विश्व को परिचय दिया गया था। आज भारत 'अंतर महाद्विपीय मिसाइल प्रणाली'[1] की क्षमता से लैस ऐसा विश्व में पांचवा देश है, जो 5000 कि.मी. तक अपनी मिसाइल की मार से किसी भी शत्रु को उसके घर में ही ढेर कर सकता है और अपने नागरिकों को सुरक्षित रखने में सक्षम है। इसका सारा श्रेय डॉ. टेस्सी थॉमस को ही जाता है।

एक विनम्र और साधारण सी लगने वाली डॉ. टेस्सी थॉमस के जब अग्नि मिसाइल प्रयोगशाला से जुड़े होने का सवाल आता है तो वे अपनी प्रयोगशाला में अपने विषय 'सालिड प्रोपेलेट्स सिस्टम' (ठोस प्रणोदक प्रणाली) की देश में चोटी की विशेषज्ञ हैं। इसी विशेषता के कारण ही वे इस परियोजना की निर्देशक होने का गौरव पाती हैं। डॉ. टेस्सी थॉमस को अग्नि के परिष्कृत संस्करण विकसित करने की सम्पूर्ण जिम्मेदारियाँ इसलिए भी दी गयीं, क्योंकि उनकी रॉकेट (ठोस प्रणोदक प्रणाली) में जो विशेषज्ञता है, उसके बिना किसी रॉकेट या मिसाइल को हवा में नहीं उड़ाया जा सकता है। साथ ही टेस्सी थॉमस की 'गाइडेड मिसाइल सिस्टम' में भी विशेषज्ञता भी है, यही विशेषता किसी रॉकेट को मिसाइल में बदलती है और उसे अचूक निशाने के लिए तैयार करती है। इन दोनों विशेषज्ञताओं का एक साथ मिलन विश्व के एक दो वैज्ञानिकों में ही मिलता है, उनमें से एक डॉ. टेस्सी थॉमस भी हैं। ये भारत के लिए लाभान्वित होने का ही नहीं, बल्कि गौरवान्वित होने का भी विषय है।

अग्निपुत्री

जिस प्रकार डॉ. ए पी जे अब्दुल कलाम को "भारत का मिसाइल मेन" कहा जाता है, क्योंकि उन्होंने अपना सारा जीवन देश के मिसाइल कार्यक्रम के अंतर्गत- पृथ्वी, आकाश, अग्नि, नाग, धनुष, त्रिशूल और ब्रह्मोस जैसी मिसाइलों के अनुसन्धान और विकास को समर्पित किया है, उसी प्रकार डॉ. टेस्सी थॉमस के लिए 'अग्निपुत्री' का नाम एकदम उपयुक्त है, क्योंकि उन्होंने इसी मिसाइल परियोजना में अग्नि मिसाइल के लगभग सभी संस्करणों को जन्म दिया है। वे डॉ. अब्दुल कलाम को अपना गुरु मानती हैं, जो भारत के मिसाइल कार्यक्रम और परियोजना के जनक रहे थे।

अपनी प्रतिभा, मेहनत एवं लगन से 1988 में डॉ. टेस्सी थॉमस भारत की मिसाइल परियोजना में शामिल हुई, तब डॉ. अब्दुल कलाम इस परियोजना का नेतृत्व कर रहे थे। टेस्सी थॉमस जो डॉ. कलाम को अपना गुरु मानती हैं और कहती हैं- "मीडिया उन्हें अग्निपुत्री या मिसाइल वुमन की कोई भी संज्ञा दे या इससे संबोधित करे, लेकिन डॉ. कलाम की प्रतिभा और लगन के साथ देशप्रेम के आगे वे आजीवन नतमस्तक ही रहेंगी।" डॉ. कलाम के साथ उन्होंने अनेक वर्षों तक कार्य किया। वह अनुभव ही उनके लिए आज भी काम आ रहा है, जो उन्होंने डीआरडीओ में डॉ. अब्दुल कलाम के नेतृत्व में मिसाइल परियोजना में उनके साथ काम करते हुए प्राप्त किए थे।



पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. Inter-Continental Ballistic Missile System – ICBM

बाहरी कड़ियाँ

संबंधित लेख