आशा भोंसले

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
शिल्पी गोयल (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 10:33, 21 सितम्बर 2010 का अवतरण ('महान भारतीय गायिका आशा भोंसले का नाम दुनिया में [[संग...' के साथ नया पन्ना बनाया)
(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें

महान भारतीय गायिका आशा भोंसले का नाम दुनिया में संगीत की 20 शीर्ष हस्तियों में शामिल किया गया है। लता मंगेशकर की छोटी बहन और दीनानाथ मंगेशकर की पुत्री आशा ने फ़िल्मी और गैर फ़िल्मी लगभग 16 हजार गानें गाए हैं और इनकी आवाज़ के प्रशंसक पूरी दुनिया में फैले हुए हैं। उन्होंने 800 से अधिक फ़िल्मों में दस हजार से ज़्यादा गाने गाए हैं। सीएनएन के ज़रिये तैयार पिछले 50 सालों की संगीत की शीर्ष हस्तियों की इस सूची में आशा भोंसले नाम आता है। गायन की विविधता से आशा ने अपने करियर के छह दशकों में ऊंचाई हासिल की। बड़ी बहन लता मंगेशकर की छत्रछाया में पा‌र्श्वगायन प्रारंभ करने वाली आशा ने 1957 में दिलीप कुमार और वैजयंतीमाला अभिनीत 'नया दौर' फ़िल्म के 'मांग के साथ तुम्हारा' गीत से लोकप्रियता हासिल की।[1]

जन्म

आशा भोंसले का जन्म 8 सितम्बर 1933 को महाराष्ट्र के ‘सांगली’ में हुआ। आशा भोंसले का नाम विश्व के सबसे जानेमाने लोगों में आता है। आशा भोंसले का जन्म संगीत से जुड़े परिवार में हुआ था। बॉलीवुड का सबसे चमकीला सितारा आशा भोंसले पा‌र्श्वगायन की मलिका हैं।

जीवन परिचय

आशा भोंसले के पिता दीनानाथ मंगेशकर प्रसिद्ध गायक एवं नायक थे। जिन्होंने शास्त्रीय संगीत की शिक्षा काफी छोटी उम्र मे ही आशा जी को दे दी थी। आशा जी जब केवल 9 वर्ष की थीं, इनके पिता की मृत्यु हो गई। पिता के मरणोपरांत, आशा भोंसले का परिवार पुणे से कोल्हापुर और उसके बाद बम्बई आ गया। परिवार की सहायता के लिए आशा और इनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर ने गाना और फ़िल्मों मे अभिनय शुरू कर दिया।

प्रसिद्ध गायिका

12000 से अधिक गीतों को आशा जी ने आवाज दी। 1943 में आशा भोंसले जी ने अपनी पहली फ़िल्म (मराठी) ‘माझा बाळ’ में गीत गाया। यह गीत ‘चला चला नव बाळा...’ दत्ता दवाजेकर के द्वारा संगीतबद्ध किया गया था। 1948 में हिन्दी फ़िल्म ‘चुनरिया’ का गीत ‘सावन आया...’ हंसराज बहल के लिए गाया। दक्षिण एशिया की प्रसिद्ध गायिका के रूप में आशा जी ने गीत गाए। फ़िल्म संगीत, पॉप, गज़ल, भजन, भारतीय शास्त्रीय संगीत, क्षेत्रीय गीत, कव्वाली, रवीन्द्र संगीत और नजरूल गीत इनके गीतों मे सम्मिलित है। इन्होंने 14 से ज्यादा भाषाओं मे गीत गाए जैसे– मराठी, आसामी, हिन्दी, उर्दू, तेलगू, बंगाली, गुजराती, पंजाबी, तमिल, अंग्रेजी, रशियन, जाइच, नेपाली, मलय और मलयालम आदि।

वैवाहिक जीवन

आशा भोंसले जी ने 16 वर्ष की उम्र में अपने 31 वर्षीय प्रेमी ‘गणपत राव भोंसले’ (1916-1966) के साथ घर से पलायन कर पारिवारिक इच्छा के विरूद्ध विवाह किया। गणपत राव लता जी के निजी सचिव थे। यह विवाह असफल रहा। पति एवं उनके भाइयों के बुरे वर्ताव के कारण इस विवाह का दु:खान्त हो गया। 1960 के आसपास विवाह विच्छेद के बाद आशा जी अपनी माँ के घर दो बच्चों और तीसरे गर्भस्थ शिशु (आनन्द) के साथ लौट आईं। 1980 ई. मे आशा जी ने ‘राहुल देव वर्मन’ (पंचम) से विवाह किया। यह विवाह आशा जी ने राहुल देव वर्मन के अंतिम सांसो तक सफलतापूर्वक निभाया।

व्यक्तित्व जीवन

आशा जी का घर दक्षिण मुम्बई, पेडर रोड क्षेत्र में प्रभुकुंज अपार्टमेंट में स्थित है। आशा भोंसले जी के तीन बच्चे हैं। साथ ही पाँच पौत्र भी है। इनका सबसे बड़ा लड़का हेमंत भोंसले है। हेमंत ने पायलट के रूप मे अधिकांश समय बिताया। आशाजी की बेटी जो हेमंत से छोटी है “वर्षा”। वर्षा ने ‘द सनडे ऑबजरवर’ और ‘रेडिफ’ के लिए कॉलम लिखने का काम किया। आशाजी का सबसे छोटा पुत्र आनन्द भोंसले है। आनन्द ने बिजनेस और फ़िल्म निर्देशन की पढाई की। आनन्द भोंसले ही आशा के करियर की इन दिनों देखभाल कर रहे है। हेमंत भोंसले के सबसे बड़े पुत्र चैतन्या (चिंटु) “बॉय बैण्ड” के सफल सदस्य के रूप में विश्व संगीत से जुड़े हुए है। अनिका भोंसले (हेमंत भोंसले की पुत्री) सफल फोटोग्राफर के रूप मे कार्य कर रही है।

बहन

आशा जी की बहनें लता मंगेशकर और उषा मंगेशकर गायिका है। आशा भोंसले जी की अन्य दो सहोदर बहन मीना मंगेशकर और भाई हृदयनाथ मंगेशकर संगीत निर्देशक है।

अन्य विशेषता

आशाजी गायिका के अलावा बहुत अच्छी कुक (रसोईया) है। कुकिंग इनका पसंदीदा शौक है। बॉलीवुड के बहुत सारे लोग आशा जी के हाथों से बनें ‘कढाई गोस्त’ एवं ‘बिरयानी’ के लिए अनुरोध करते है। आशा जी भी इनकार नही करती है। बॉलीवुड के ‘कपूर’ खानदान में आशा जी द्वारा बनाए गये ‘पाया करी’, ‘गोझन फिश करी’ और ‘दाल’ काफी प्रसिद्ध है। एक बार जब ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ के एक साक्षात्कार मे पूछा गया कि यदि आप गायिका न होती तो क्या करती? आशा जी ने जबाब दिया कि मैं एक अच्छी रसोईया (कुक) बनती। आशा जी एक सफल रेस्तरॉ संचालिका है। इनके रेस्तरॉ दुबई और कुवैत में आशा नाम से प्रसिद्ध है। ‘वाफी ग्रुप’ द्वारा संचालित रेस्तरॉ मे आशा जी के 20% भागीदारी है। वाफी सीटी दुबई और दो रेस्तरॉ कुवैत मे पारम्परिक उत्तर भारतीय व्यंजन के लिए प्रसिद्ध है। आशा जी ने ‘कैफ्स’ को स्वंय 6 महीनो का ट्रेंनिग दिया है। दिसम्बर 2004 ‘मेनु मैगजीन’ के रिपोर्ट के अनुसार ‘रसेल स्कॉट’ जो ‘हैरी रामसदेन’ के प्रमुख है आने वाले पाँच सालों मे आशा जी के ब्रैण्ड के अंतर्गत 40 रेस्तरॉ पूरे यू. के. के अन्दर खोलने की घोषणा की है। इसी क्रम मे आशा जी की की रेस्तरॉ ‘बरमिंगम’ यू. के. मे खोला गया है। आशा जी एक अच्छी ‘मिमिक्री’ अदाकारा भी है।

पहनावा

आशा जी की फैंशन और पहनावे में सफेद साड़ी चमकदार किनारो वाली, गले मे मोतियों के हार और हीरा प्रसिद्ध है।

जीवन के संघर्ष

एक समय जब प्रसिद्ध गायिका यथा- गीता दत, शमशाद बेगम और लता मंगेशकर का जमाना था। चारो ओर इन्ही का प्रभुत्व था। आशा जी गाना चाहती थी पर इन्हे गाने का मौका तक नहीं दिया जाता था। आशा जी सिर्फ दूसरे दर्जे की फ़िल्मों के लिए ही गा पाती थी। 1950 के दशक में बॉलीवुड के अन्य गायिकाओं की तुलना मे आशा जी ने कम बजट की ‘बी’ और ‘सी’ ग्रेड फ़िल्मों के लिए बहुत से गीत गाए। इनके गीतो के संगीतकार ए. आर. कुरैशी (अल्ला रख्खा खान), सज्जाद हुसैन और गुलाम मोहम्मद थे। जो काफी असफल रहे। 1952 ई. मे दिलीप कुमार अभिनीत फ़िल्म ‘संगदिल’ जिसके संगीतकार सज्जाद हुसैन थे, ने प्रसिद्धि दिलाई। परिणाम स्वरूप विमल राय ने एक मौका आशा जी को अपनी फ़िल्म ‘परिणीता’ (1953) के लिए दिया। राज कपूर ने गीत ‘नन्हे मुन्ने बच्चे....’ के लिए मोहम्मद रफी के साथ फ़िल्म ‘बुट पॉलिश’ (1954) के लिए अनुबंधित किया जिसने काफी प्रसिद्धि आशा जी को दिलाई। ओ.पी. नैयर ने आशा जी को बहुत बड़ा अवसर ‘सी. आई. डी.’(1956) के गीत गाने के लिए दिया। इस प्रकार 1957 की फ़िल्म ‘नया दौर’ बी. आर. चोपड़ा ने नैयर साहब के संगीतकार रूप मे आशा जी को बी. आर. चोपड़ा से पहली सफलता प्राप्त हुई। इस साझेदारी ने कई प्रसिद्ध गीतो को जनमानस के बीच लाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। फिर सचिन देव वर्मन और रवि जैसे संगीतकारो ने भी आशा जी को मौका दिया। 1966 ई. मे संगीतकार आर. डी. वर्मन की सफलतम फ़िल्म ‘तीसरी मंजिल’ मे आशा जी ने आर. डी. वर्मन के साथ काफी प्रसिद्धि बटोरी। 1960 से 1970 के बीच प्रसिद्ध डॉसर हेलन की आवाज बनी। ऐसा कहा जाता है कि जब भी आशा जी गाती थी तो हेलन रिकाडिंग के समय मौजूद रहती थी ताकि गाने को अच्छी तरह समझ सके और अच्छी तरह नृत्य उस गाने पर कर सके।

संगीत में प्रंशसा

आशा जी और हेलन के प्रसिद्ध गीतों मे ‘पिया तू अब तो आजा...’(कारवॉ), ‘ ओ हसीना जुल्फो वाली...’(तीसरी मंजिल) और ‘ये मेरा दिल...(डॉन) शामिल है। 1981 मे उमराव जान और इजाजत (1987) मे पारम्परिक गज़ल गाकर आशा जी ने आलोचकों को करारा जबाब दिया। अपनी गायन प्रतिभा का लोहा मनवाया। इन्हीं दिनों इन्हे उपरोक्त दोनों फ़िल्म के लिए राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार ‘बेस्ट फ़िमेल प्लेबैक सिंगर’ मिला। आशा जी 1990 तक लगातार गाती रही। 1995 की हिट फ़िल्म ‘रंगीला’ से एक बार पुन: अपनी दूसरी पारी का आरंभ किया। 2005 मे 72 वर्षीय आशा जी ने तमिल फ़िल्म ‘चन्द्रमुखी’ और पॉप संगीत ‘लक्की लिप्स...’ सलमान खान अभिनित के लिए गाया जो चार्ट बस्टर में प्रसिद्ध रहा। अक्टूबर 2004, ’द वेरी बेस्ट ऑफ आशा भोंसले’, ‘द क्वीन ऑफ बॉलीवुड’ आशा जी के द्वारा गाए गीतो का एलबम (1966-2003) रिलिज किया गया। संगीतकार ओ.पी. नैयर की साझेदारी ने आशा भोंसले जी को एक खास पहचान दिलाया। कई लोगों ने इनकी आपसी संबंध को प्रेम संबंध मान लिया। नैयर जी पहली बार 1952 मे आशा जी से एक गीत 'छम छमा छम...' के संगीत रिकार्डिग के समय मिलें। पहली बार इन्होनें फ़िल्म ‘माँगू’ (1954) के लिए आशा जी को बुलाया। फिर इन्होने एक बहुत बड़ा मौका फ़िल्म सी.आई.डी. (1956) मे आशा जी को दिया। इस प्रकार नया दौर (1957) की सफलता ने इन दोनो की प्रसिद्धी को बढ़ाया। 1959 के बाद भावनात्मक और व्यावसायिक तौर पर आशा जी नैयर जी के साथ जुड़ी रहीं। ओ.पी.नैयर और आशा भोंसले की यादगार फ़िल्मे यथा- मधुबाला पर फ़िल्मांकित गीत ‘आईये मेहरबाँ...’ (हावड़ा ब्रिज-1958) और मुमताज़ पर फ़िल्मांकित गीत ‘ये है रेशमी जुल्फों का अंधेरा... (मेरे सनम-1965) आदि है। ओ.पी. नैयर ने कई हिट गीतों को आशा जी के साथ रिकार्ड किया यथा- नया दौर(1957), तुमसा नही देखा(1957), हावड़ा ब्रिज (1958), एक मुसाफ़िर एक हसीना(1962), कशमीर की कली(1964) आदि। इनकी साझेदारी की कुछ प्रसिद्ध गीत- आओ हुजुर तुमको...(किस्मत), जाईये आप कहाँ जाएगे...(मेरे सनम) आदि है। ओ.पी.नैयर की मो. रफी एवं आशा जी के साथ युगल गीत काफी प्रसिद्ध हुए। इनके द्वारा गाए कुछ प्रमुख युगल गीत ‘उडे जब जब जुल्फे तेरी...(नया दौर), मै प्यार का राही हूँ...(एक मुसाफ़िर एक हसीना), दिवाना हुआ बादल..., इशारो इशारो मे...(काश्मीर की कली) आदि। 5 अगस्त 1972 को दोनो में अलगाव हो गया। यह स्पष्ट नही हो पाया की किन कारणों से दोनों में अलगाव हुआ।

मराठी संगीत

लता मंगेशकर के साथ आशा जी मराठी संगीत की सिरमौर रही है क्योंकि मराठी उनकी मातृभाषा है। आशा जी मराठी भाषा के अनेकों गीत गा चुकी है जिनमे प्रसिद्ध कविओं के कविता है, जो भाव गीत के रूप मे प्रसिद्ध है। यथा प्रसिद्ध एलबन ‘रूतु हिरावा’ (‘ग्रीन सीजन’) जो श्रीधर पाडके द्वारा रचित है। अपने भाई हृदयनाथ मंगेशकर द्वारा संगीतबद्ध आशा जी के कई प्रसिद्ध गीत है। आशा जी द्वारा गाए मराठी भजन काफी प्रचलित और प्रसिद्ध है।[2]

प्रसिद्ध जोड़ी

जब जब मदन मोहन के संगीत का जिक्र होता है साथ में हमेशा लता मंगेशकर जी की बात होती है। ठीक उसी तरह ओ. पी. नैय्यर साहब के संगीत के साथ आशा भोंसले का नाम अपने आप जुबां पर आ जाता है। लेकिन ये भी सत्य है कि आशा भोंसले ने भी मदन मोहन और गीता दत्त ने ओ. पी. नैय्यर के साथ अनेकों अनमोल नग्में गाये हैं ।

संगीत का सफ़र

आशा भोंसले अपने संगीतकार पति आर.डी.बर्मन के साथ कई हिट गाने दिये। 'ओ हसीना' और 'पिया तू अब तो आजा' जैसे आशा के सुपर हिट गीतों का संगीत बर्मन ने ही तैयार किया था। मदन मोहन जी के २० साल के संगीत के सफ़र में उनके साथ आशा भोंसले ने 190 और लता मंगेशकर ने 290 फ़िल्मी गीत गाये। आशाजी और मदन मोहन जी ने कई फ़िल्मों में साथ काम किया।

फ़िल्म "नींद हमारी ख्वाब तुम्हारे" में मदनजी के सारे गीत आशाजी ने गाये थे। इस फ़िल्म का एक एक गीत अनमोल है।

  • पहला नग्मा असल में एक गजल है, जाने क्या हाल हो कल शीशे का पैमाने का ।
  • दूसरा गीत है, "सबा से ये कह दो कि कलियाँ बिछायें"
  • तीसरा अनमोल नग्मा है, "कोई शिकवा भी नहीं"

अभिनय

आशा भोंसले जी ने दो फ़िल्मों में काम किया। जिसमें एक हिंदी फ़िल्म बड़ी मामी और एक मराठी फ़िल्म हैं। लेकिन अभिनय में उनकी ज़्यादा रूचि नहीं थी। उन्हें लगा कि अभिनय से अच्छा गाना है।

पहला गाना

लता मंगेशकर एक मराठी फ़िल्म माझा बाड़ में काम कर रही थी। उसमें आशा भोंसले जी को गाने का मौका मिला। उसके बाद ‘अंधों की दुनिया’ में वसंत देसाई ने आशा भोंसले जी को गाने का मौका दिया। हंसराज बहल ने आशा भोंसले जी को हिंदी फ़िल्म में पहली बार किसी अभिनेत्री के लिए गाने का मौका दिया।

आशा भोंसले की नज़र में संगीत

एक साक्षात्कार में आशा भोंसले जी ने कहा हैं कि संगीत समंदर की तरह हैं। इसमें कितना ही घुसेंगे उतना कम हैं। मेरा आज भी मानना हैं कि मैं संगीत का कुछ नहीं जानती। संगीत मेरी साँसों में बसा हुआ है। लोग कहते हैं कि संगीत छोड़ दो तो मेरा जवाब होता है कि साँस लेना कैसे छोड़ दूँ। जब तक आवाज़ है तब तक गाऊँगी। शायद आवाज़ और मैं साथ में दुनिया से जाएँगे।

पसंदीदा संगीत निर्देशक

आर. डी. बर्मन

पसंदीदा पार्श्वगायक

लता मंगेशकर व किशोर कुमार

पुरस्कार

  • आशा भोंसले जी को फ़िल्म फेयर बेस्ट फ़िमेल प्लेबैक अवार्ड से सम्मानित किया गया।
  • 1996-स्पेशल अवार्ड(रंगीला-* 1995) से सम्मानित किया गया।
  • 2001-फ़िल्म फेयर लाइफटाइम एचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार

  • 1981- “दिल चीज क्या है...”(उमरॉव जान)
  • 1986 “मेरा कुछ सामान...”(इजाजत)

अन्य पुरस्कार

  • 1987- नाइटेंगल (स्वर कोकिला) ऑफ एशिया अवार्ड (इंडो पाक एशोशिएशन यु.के.) से सम्मानित किया गया।
  • 1989- लता मंगेस्कर अवार्ड (मध्य प्रदेश सरकार) से सम्मानित किया गया।
  • 1997- स्क्रीन वीडियोकॉन अवार्ड (जानम समझा करो- एलबम के लिए) से सम्मानित किया गया।
  • 1997- एम.टी.वी. अवार्ड (जानम समझा करो- एलबम के लिए) से सम्मानित किया गया।
  • 1997- चैनल वी अवार्ड (जानम समझा करो- एलबम के लिए) से सम्मानित किया गया।
  • 1998- दयावती मोदी अवार्ड से सम्मानित किया गया।
  • 1999- लता मंगेस्कर अवार्ड (महाराष्ट्र सरकार) से सम्मानित किया गया।
  • 2000- सिंगर ऑफ द मिलेनियम (दुबई) 2000- जी गोल्ड बॉलीवुड अवार्ड (मुझे रंग दे- फ़िल्म तक्षक के लिए) से सम्मानित किया गया।
  • 2001- एम.टी.वी. अवार्ड (कमबख्त इशक – के लिए) से सम्मानित किया गया।
  • 2002- बी.बी.सी. लाइफटाइम एचीवमेंट अवार्ड (यू.के. प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर के द्वारा प्रदत) से सम्मानित किया गया।
  • 2002- जी सीने अवार्ड फॉर बेस्ट प्लेबैक सिंगर - फ़िमेल(राधा कैसे न जले..-फ़िल्म लगान के लिए) से सम्मानित किया गया।
  • 2002- जी सीने स्पेशल अवार्ड फॉर हॉल ऑफ फेम 2002- स्क्रीन वीडियोकॉन अवार्ड (राधा कैसे न जले..-फ़िल्म लगान के लिए) से सम्मानित किया गया।
  • 2002-सैनसुई मूवी अवार्ड(राधा कैसे न जले..-फ़िल्म लगान के लिए) से सम्मानित किया गया।
  • 2003- सवराल्या येशुदास अवार्ड (भारतीय संगीत मे उत्कृष्ट योगदान के लिए) से सम्मानित किया गया।
  • 2004- लाईविग लीजेंड अवार्ड(फेडरेशन ऑफ इंडियन चेम्बर ऑग कामर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के द्वारा) से सम्मानित किया गया।
  • 2005- एम.टी.वी. ईमीज, बेस्ट फीमेल पॉप ऐक्ट (आज जाने की जिद न करो..) से सम्मानित किया गया।

2005- मोस्ट स्टाइलिश पीपुल इन म्यूजिक से सम्मानित किया गया।

सम्मान

  • 1997 मे, आशा जी पहली भारतीय गायिका बनी जो ‘ग्रेमी अवार्ड' के लिए नामांकित की गई जो उस्ताद अली अक़बर ख़ान के साथ एक विशेष एलबम के लिए था।
  • आशा जी ने “सत्तरहवी महाराष्ट्र स्टेट अवार्ड” प्राप्त किया।
  • आशा जी भारतीय सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान के लिए सन 2000 मे “दादा साहेब फाल्के अवार्ड” से सम्मानित की गई।
  • आशा जी को साहित्य में डॉक्टरेट की उपाधि से अमरावती विश्वविद्यालय एवं जलगाँव विश्वविद्यालय द्वारा सम्मानित किया गया।
  • “द फ्रिडी मरकरी अवार्ड” कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए आशा जी को इस खास पुरस्कार से सममानित किया गया।
  • नवम्बर 2002 मे आशा जी को “बर्मिंघम फ़िल्म फेस्टिवल” विशेष रूप से समर्पित किया गया।
  • “पद्म विभूषण” के द्वारा राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल ने 5 मई 2008 (सोमवार) को आशा जी को सम्मानित किया। यह सम्मान भारत सरकार के महत्वपूर्ण सम्मानो में एक है।


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. आशा भोंसले विश्व संगीत की 20 हस्तियों में शामिल (हिन्दी) नूतन सवेरा राष्ट्रीय हिंदी साप्तहिक। अभिगमन तिथि: 21 सितम्बर, 2010
  2. आशा भोंसले - जन्म दिन विशेष (हिन्दी) (एच टी एम एल) प्रेसनोट डाट इन। अभिगमन तिथि: 21 सितम्बर, 2010