समाचार 2012

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें
समाचार लेख सूची
2010    2011    2012    2013    2014    2015    2016

नवीनतम घटनाओं और समसामयिक विषयों पर अद्यतन (अपडेट) सूचनाओं को समाचार कहते हैं, जिन्हें समाचार पत्र, समाचार टी.वी. चैनल, अंतर्जाल (इंटरनेट) या अन्य माध्यमों की सहायता से पाठकों, दर्शकों और श्रोताओं तक पहुंचाया जाता है।

वर्ष 2012 के कुछ प्रमुख राष्ट्रीय समाचार निम्नलिखित हैं-

नेत्रहीन ट्वेंटी-20 विश्वकप भारत ने जीता

विश्वकप ट्रॉफी के साथ नेत्रहीन भारतीय क्रिकेट टीम
13 दिसम्बर, 2012, गुरुवार

बेंगलुरू के सेंट्रल कॉलेज ग्राउंड पर 13 दिसम्बर, 2012 गुरुवार को खेले गए नेत्रहीन ट्वेंटी-20 विश्वकप के फ़ाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को 30 रनों से हराकर विश्व विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 258 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम निर्धारित ओवरों में आठ विकेट पर 229 रन ही बना सकी। इस तरह से भारत ने 29 रनों से जीत हासिल कर कप पर क़ब्ज़ा कर लिया। भारत की ओर से केतन भाई पटेल ने शानदार 98 रनों की पारी खेली, वहीं प्रकाश जयारमैय्या 42 और उपकप्तान अजय कुमार रेड्डी ने 25 रनों का महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद जमील ने 47 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। उनके अलावा अली मुर्तजा 38 और मोहम्मद अकरम ने 32 रनों का योगदान दिया। सेमीफ़ाइनल मुकाबलों में भारत ने श्रीलंका को और पाकिस्तान ने इंग्लैंड को हरा कर फाइनल में प्रवेश किया था।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

भारत रत्न पंडित रविशंकर का निधन

12 दिसम्बर, 2012 बुधवार

मशहूर सितार वादक पंडित रविशंकर का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। अमेरिका में सैन डिएगो के एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। पंडित रविशंकर को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद पिछले गुरुवार को ला जोल्ला के स्किप्स मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने स्थानीय समयानुसार मंगलवार 11 दिसम्बर, 2012 को शाम 4.30 बजे अंतिम सांस ली। मशहूर सितार वादक पंडित रविशंकर के अमेरिका के एक अस्पताल में निधन पर शोक जताते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बुधवार को कहा कि वह राष्ट्रीय सम्पदा थे। माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से लिखे संदेश में कहा गया है, 'पंडित रविशंकर के निधन से एक युग का अंत हो गया है, मेरे साथ-साथ पूरा देश उनकी प्रतिभा, कला तथा विन्रमता को श्रद्धांजलि देता है।'

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

सातवीं बार विश्व बिलियर्ड्स चैम्पियन बने पंकज आडवाणी

29 अक्टूबर, 2012 सोमवार

शीर्ष भारतीय खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने फिर अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए इंग्लैंड के मौजूदा चैंपियन और स्थानीय प्रबल दावेदार माइक रसेल को हराकर सातवां वर्ल्ड बिलियर्ड्स चैंपियनशिप ख़िताब अपने नाम किया। पंकज आडवाणी ने अपना दबदबा बनाते हुए 1895-1216 से जीत दर्ज की। सेमीफाइनल में हमवतन ध्रुव सितवाला पर 881-281 की शानदार जीत के बाद आडवाणी ने पांच घंटे तक चले फ़ाइनल मुकाबले के पहले घंटे में ही 298 का स्कोर बना लिया था। पंकज आडवाणी ने 119 के अंतिम ब्रेक से 11 बार के चैंपियन को पराजित कर समय प्रारूप (फॉर्मेट) में अपना चौथा विश्व ख़िताब हासिल किया। पंकज आडवाणी ने इसी स्थान पर 2009 में विश्व पेशेवर बिलियर्ड्स चैंपियनशिप के फ़ाइनल में रसेल को 2030-1253 से हराया था और अब फिर उन्हें हराकर इतिहास दोहराया।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

ऑस्ट्रेलिया के स्कूलों में पढ़ाई जाएगी हिंदी

29 अक्टूबर, 2012 सोमवार

ऑस्ट्रेलिया के स्कूलों में हिंदी और अन्य प्रमुख एशियाई भाषाएं पढ़ाई जाएंगी। भारत और अन्य एशियाई देशों से संबंध मजबूत बनाने के लिए यह रणनीति तय की गई है। ऑस्ट्रेलिया की प्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड ने नई नीति का पहला खाका रखते हुए कहा, "जिस समय ऑस्ट्रेलिया बदल रहा था उसी समय एशिया में भी बदलाव हो रहा था, इस सदी में चाहे जो मिले, यह निश्चित ही एशिया को नेतृत्व में फिर से लाएगा। एशिया के उत्थान को कोई नहीं रोक सकता। यह तेज हो रहा है।" प्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड ने एशियन सेंचुरी व्हाइट पेपर जारी करते हुए इसकी घोषणा की। गिलार्ड ने कहा कि शुरुआत स्कूलों, प्रशिक्षण केंद्रों से करना होगी। हरेक स्कूल एशिया के किसी स्कूल के साथ जुड़ेगा और एक प्रमुख एशियाई भाषा हिंदी, मंदारिन, जापानी या इंडोनेशियन सीखने की पहल करेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने की कोशिश करना होगी। अब पहले जैसा नहीं चलेगा। गिलार्ड ने कहा कि इस सदी में एशिया के बड़ी ताकत बनने की संभावना है। विश्व में यह क्षेत्र नेतृत्व की भूमिका में होगा।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

सायना नेहवाल ने जीता डेनमार्क ओपन ख़िताब

21 अक्टूबर, 2012 रविवार

लंदन ओलंपिक 2012 में कामयाबी का परचम लहराने वाली सायना नेहवाल ने डेनमार्क में भी अपने खेल का रंग जमा दिया। सायना ने डेनमार्क ओपन सुपर सीरीज ख़िताब अपने नाम कर लिया। उन्‍होंने फाइनल में जर्मनी की जूलियन सेनेक को हराया। सायना ने 21-17, 21-8 से सीधे गेम में मैच जीता। पहले गेम में सायना को जर्मनी की खिलाड़ी ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन उन्‍होंने ये राउंड जीत लिया। दूसरे गेम में सायना जर्मनी की जूलियन सेनेक पर हावी हो गईं और उन्होंने आसानी से गेम और मैच अपने नाम कर लिया सायना नेहवाल ने सिर्फ 35 मिनट में फाइनल जीतकर ख़िताब पर क़ब्ज़ा कर लिया। उन्‍होंने पहली बार डेनमार्क ओपन का ख़िताब जीता।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

'रोमांस के बादशाह' यश चोपड़ा का निधन

21 अक्टूबर 2012, रविवार

'रोमांस के बादशाह' फ़िल्म निर्माता यश चोपड़ा का निधन 21 अक्टूबर 2012, रविवार को मुंबई के लीलावती अस्पताल में निधन हो गया था। फ़िल्म इंडस्ट्री के तमाम लोगों ने उनकी मौत को भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी हानि बताया। गौरतलब है कि प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक यश चोपड़ा 80 साल के थे और उन्हें डेंगू से पीड़ित होने के बाद लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यश चोपड़ा ने बॉलीवुड के प्रतिष्ठित बैनर यशराज फ़िल्म्स की नींव रखी। यश चोपड़ा ने बॉलीवुड के सुपरस्टार दिलीप कुमार, राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान के साथ के कई फ़िल्में बनाईं। 'दीवार', 'सिलसिला', 'त्रिशूल', 'चांदनी', 'लम्हे' और 'डर', 'वीर ज़ारा' जैसी उनकी अनेक फ़िल्मों ने लोगों का ख़ूब मनोरंजन किया और यह अपने-अपने समय की सुपरहिट फ़िल्में रहीं।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

दुनिया के 80 करोड़ लोग जानते हैं हिंदी

20 सितम्बर, 2012 गुरुवार

भारत की राजभाषा हिंदी दुनिया में दूसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है। बहुभाषी भारत के हिंदी भाषी राज्यों की आबादी 46 करोड़ से अधिक है। 2011 की जनगणना के मुताबिक़ भारत की 1.2 अरब आबादी में से 41.03 फीसदी की मातृभाषा हिंदी है। हिंदी को दूसरी भाषा के तौर पर इस्तेमाल करने वाले अन्य भारतीयों को मिला लिया जाए तो देश के लगभग 75 प्रतिशत लोग हिंदी बोल सकते हैं। भारत के इन 75 प्रतिशत हिंदी भाषियों सहित पूरी दुनिया में तकरीबन 80 करोड़ लोग ऐसे हैं जो इसे बोल या समझ सकते हैं। भारत के अलावा इसे नेपाल, मॉरिशस, फिजी, सूरीनाम, यूगांडा, दक्षिण अफ्रीका, कैरिबियन देशों, ट्रिनिडाड एवं टोबेगो और कनाडा आदि में बोलने वालों की अच्छी ख़ासी संख्या है। इसके अलावा इंग्लैंड, अमेरिका, मध्य एशिया में भी इसे बोलने और समझने वाले अच्छे ख़ासे लोग हैं।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

पैरालम्पिक खेलों में भारत को पहला पदक

4 सितम्बर, 2012 मंगलवार

लंदन में चल रहे 2012 के पैरालम्पिक खेलों में गिरीश होसंगारा नागराजेगौड़ा ने भारत को पहला पदक दिलाया है। पुरुषों की ऊंची कूद प्रतिस्पर्धा में गिरीश ने पहला रजत पदक जीता। 24 साल के गिरीश कर्नाटक के रहने वाले हैं। उन्होंने फ़ाइनल में सिजर्स तकनीक के सहारे 1.74 मीटर की कूद लगाई और दूसरे स्थान पर रहे। क़रीब 80 हज़ार दर्शकों की मौजूदगी में उन्होंने ये पदक बाएँ पैर ख़राब होने के बावजूद जीता और दूसरे नंबर पर रहे। इस आयोजन में फिजी के इलीसा डेलेना ने स्वर्ण पदक जीता जबकि पोलैंड के लुकाज़ मैमक्राज ने कांस्य अपने नाम किया। गौरतलब है कि भारत की दस सदस्यीय टीम लंदन में 29 अगस्त से 9 सितंबर तक होने वाले पैरालम्पिक खेलों में हिस्सा ले रही है। भारतीय टीम एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग, तैराकी व निशानेबाज़ी में हिस्सा ले रही है।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

लंदन ओलम्पिक 2012 में भारत को 6 पदक

2 अगस्त, 2012 रविवार

लंदन ओलम्पिक 2012 में भारत ने कुल 6 पदक जीते जिसमें 2 रजत और 4 कांस्य शामिल हैं। भारत इस प्रतियोगिता में 55वें नम्बर पर रहा। पदक तालिका में अमेरिका शीर्ष पर रहा जिसने 104 पदक जीते। इनमें 46 स्वर्ण, 29 रजत और 29 कांस्य शामिल हैं। चीन 87 (स्वर्ण-38, रजत-27, कांस्य-22) पदक लेकर दूसरे और ब्रिटेन 65 (स्वर्ण-29, रजत-17, कांस्य-19) पदक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। भारत ने छह पदक जीते जो पदकों की संख्या के हिसाब से अब तक का उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। सुशील कुमार (कुश्ती) और विजय कुमार (निशानेबाजी) को रजत पदक मिले जबकि एम. सी. मैरीकॉम (मुक्केबाजी), गगन नारंग (निशानेबाजी), साइना नेहवाल (बैडमिंटन) और योगेश्वर दत्त (कुश्ती) को कांस्य पदक मिले। सुशील कुमार ने ओलम्पिक 2008 में भी कांस्य पदक जीता था। इस प्रकार सुशील कुमार ओलम्पिक में दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

अग्नि-2 मिसाइल का सफल परीक्षण

9 अगस्त, 2012 गुरुवार

भारतीय सेना ने 9 अगस्त, 2012 को परमाणु हमला करने में सक्षम अग्नि-2 बैलेस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया। ओडिशा के व्हीलर द्वीप स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (आई.टी.आर.) से इसका प्रक्षेपण किया गया। अग्नि श्रृंखला की यह मिसाइल 2000 किमी तक मार कर सकती है। सतह से सतह पर मार करने वाली मध्यम दूरी की इस मिसाइल का प्रक्षेपण, आइटीआर के लांचिंग काम्प्लेक्स-4 में रेल मोबाइल प्रणाली से गुरुवार को सुबह 8:48 किया गया। स्वदेशी ज्ञान-कौशल से निर्मित यह मिसाइल 21 मीटर लम्बी तथा 1 मीटर चौड़ी है। इसका वजन 17 टन है। यह अपने साथ 1000 किग्रा वजन तक के विस्फोटक ढोने की क्षमता रखती है। यह दो स्तर के ठोस ईंधन द्वारा संचालित होती है। डी.आर.डी.ओ. की मदद से सेना के सामरिक बल कमांड ने इसका परीक्षण किया। अग्नि- 2 का पहला परीक्षण 11 अप्रैल, 1999 को किया गया था।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

भारतीय वैज्ञानिक अशोक सेन मौलिक भौतिक पुरस्कार से सम्मानित

31 जुलाई, 2012 मंगलवार

31 जुलाई, 2012, मंगलवार को प्रो. अशोक सेन को पहले यूरी मिलनर फंडामेंटल फिजिक्स प्राइज़ (मौलिक भौतिकी पुरस्कार) के नौ विजेताओं में से एक विजेता घोषित किया गया। इस पुरस्कार के तौर पर उन्हें 30 लाख डॉलर (क़रीब 16.7 करोड़) रुपए मिले। शिक्षा के क्षेत्र में यह दुनिया का सबसे बड़ा पुरस्कार है। यह रकम नोबेल पुरस्कार के साथ मिलने वाली पुरस्कार राशि का तीन गुना है। नोबेल पुरस्कार अक्सर दो या तीन विजेताओं द्वारा साझा किया जाता है। दुनिया में शिक्षा के इस सबसे बड़े पुरस्कार की स्थापना रूसी अरबपति यूरी मिलनर ने की है।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

विश्व प्रसिद्ध पहलवान और अभिनेता दारा सिंह का निधन

12 जुलाई, 2012 गुरुवार

कुश्ती के क्षेत्र और अभिनय जगत में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले दारा सिंह का 12 जुलाई, 2012 को निधन हो गया। 84 साल के दारा सिंह ने गुरुवार सुबह 7.30 बजे अंतिम सांस ली। उनके पुत्र बिंदू दारा सिंह ने यह दुखद खबर दी। दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ। दारा सिंह को दिल का दौरा पड़ने के बाद 7 जुलाई को कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया गया कि दिल का दौरा पड़ने पर दिमाग में ऑक्सीजन की सप्लाई बंद होने से उनकी तबीयत बिगड़ी। इस तरह की स्थिति में सुधार की उम्मीद बहुत कम रहती है। उनकी हालत इतनी नाजुक हो गई कि उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। बाद में उनकी किडनी ने भी काम करना बंद कर दिया।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

बाढ़ के कारण काज़ीरंगा उद्यान में 500 से अधिक जानवरों की मौत

काज़ीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में एक सींग वाला गैंडा

8 जुलाई, 2012 रविवार

असम में भयावह बाढ़ ने विश्व प्रसिद्ध काज़ीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के 13 गैंडों समेत 500 से अधिक वन्य प्राणियों को लील लिया। इन सभी जीवों की मौत पानी में डूबने या बहने की वजह से हुई है। बाढ़ काफ़ी भयावह थी, जिसने उद्यान के 80 प्रतिशत हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बाढ़ के कारण मरने वाले वन्य प्राणियों में सबसे ज्यादा 465 हिरण, 13 गैंडे, 28 जंगली सूअर, पांच साही, 16 सांभर, दो अजगर, दो जंगली भैंसे आदि वन्य प्राणी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि काजीरंगा नेशनल पार्क यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

तीसरा सबसे आकर्षक निवेश स्थल है भारत

6 जुलाई 2012, शुक्रवार

संयुक्त राष्ट्र के व्यापार और विकास सम्मेलन (अंकटाड) की जारी विश्व निवेश रिपोर्ट-2012 के अनुसार बहुराष्ट्रीय कंपनियों के लिए 2012 से 2014 की अवधि में चीन सबसे आकर्षक निवेश स्थल रहा। उसके बाद अमेरिका, भारत का स्थान रहा। आकर्षक निवेश स्थलों में शीर्ष पांच देशों में इंडोनेशिया और ब्राजील का चौथा और पांचवां स्थान रहा। बड़ी कंपनियां और बड़े निवेशक भारत में निवेश करना पसंद करते हैं। भारत निवेशकों के लिए चीन और अमेरिका के बाद भारत तीसरा सबसे आकर्षक निवेश स्थल बनकर उभरा है। संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन की ओर से जारी की गई एक रिपोर्ट के अनुसार भारत के अच्छे प्रदर्शन की वजह से समूचे दक्षिण एशिया में पिछले साल विदेशी निवेश 23 फीसदी बढ़ा।

समाचार को निम्न स्रोतों पर पढ़ें

साइना नेहवाल तीसरी बार इंडोनेशिया ओपन चैंपियन

17 जून, 2012 रविवार

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ने एक गेम से पिछड़ने के बाद साहसिक वापसी करते हुए चौथी सीड चीन की जुइरई ली को 13-21, 22-20, 21-19 से हराकर तीसरी बार इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन खिताब जीत लिया। विश्व की पांचवे नम्बर की खिलाड़ी और पांचवीं सीड साइना ने एक घंटे चार मिनट में चीन की दीवार भेदते हुए इस वर्ष का तीसरा खिताब अपने नाम किया। साइना ने इंडोनेशिया ओपन से तुरंत पहले थाईलैंड ओपन और मार्च में स्विस ओपन का खिताब जीता था। साइना का यह तीसरा इंडोनेशिया ओपन खिताब है। वह यहाँ 2009 और 2010 में भी चैम्पियन रह चुकीं हैं। साइना ने लगातार दो सप्ताह में दो खिताब जीतकर लंदन ओलम्पिक के लिए अपनी मजबूत तैयारी का संकेत दिया।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

विश्वनाथन आनंद पाँचवीं बार विश्व चैंपियन

30 मई, 2012 बुधवार

भारतीय ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद ने बुधवार को इजराइल के बोरिस गेलफेंड को हराकर अपना विश्व चैंपियनशिप का खिताब बरकरार रखने में सफलता अर्जित की। इस जीत के साथ ही आनंद पांचवीं बार विश्व चैंपियन बन गए हैं। फ़ाइनल मुकाबला 6-6 से टाई रहने के बाद टाइब्रेकर के जरिए विश्व चैम्पियनशिप का फैसला हुआ। टाईब्रेकर की पहली बाज़ी 33 चाल के बाद ड्रा पर समाप्त हुई लेकिन 42 वर्षीय आनंद ने दूसरी बाज़ी में बोरिस गेलफेंड को 77 चाल में हराकर बढ़त बना ली। चार गेम के रेपिड टाईब्रेकर की अंतिम दो बाज़ी भी ड्रा रही जिससे आनंद ने लगातार तीसरी बार अपने विश्व खिताब की सफलतापूर्वक रक्षा की। आनंद का यह कुल पांचवां और लगातार चौथा विश्व चैम्पियनशिप खिताब है। इस दिग्गज भारतीय ने अपना पहला विश्व खिताब वर्ष 2000 में जीता था जिसके बाद वह 2007, 2008 और 2010 में लगातार तीन बार विश्व चैम्पियन बनने में सफल रहे। वह 2007 से विश्व चैम्पियन हैं।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

अग्नि-5 से भारत चीन की बराबरी में

20 अप्रॅल, 2012 शुक्रवार

अमेरिकी मीडिया ने भारत के अग्नि-5 मिसाइल के सफल परीक्षण पर कहा है कि इससे भारत को उसके पड़ोसी देश चीन के बराबर में खड़ा कर दिया है। समाचार पत्र ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा, ‘परीक्षण उस वक्त हुआ है जब एशिया में सैन्यकरण को लेकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ रही है और अमेरिका एवं चीन के बीच सैन्य स्पर्धा भी है।’ अखबार लिखता है, ‘‘मिसाइल की मारक क्षमता 5000 किलोमीटर है और यह बीजिंग एचं शंघाई को निशाना बनाने की क्षमता रखती है।’ इस रिपोर्ट के मुताबिक़ जिनिवा सेंटर फ़ॉर सेक्योरिटी पॉलिसी के प्रमुख गै्रम हर्ड ने कहा, ‘इस परीक्षण से उस सोच को बढ़ावा मिला है कि पूर्व एशिया ख़ासकर भारत और चीन के बीच हथियारों की होड़ है।’ ‘वाल स्ट्रीट जर्नल’ के मुताबिक़ विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में अग्नि-5 की सबसे आधुनिक मिसाइल है और इसने भारत को चीन के बराबर में ला दिया है। अग्नि-5 मिसाइल की लंबाई 17.5 मीटर है और इस पर क़रीब 2500 करोड़ रुपए की लागत आई है। ये मिसाइल 1.5 टन का हथियार चीन के अंदर तक ले जाने में सक्षम है। वर्ष 2014-15 तक पूरी तरीक़े से सेना में शामिल किए जाने के बाद ये मिसाइल भारत की परमाणु निरोधक क्षमता को कई गुना बढ़ा देगी।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

2030 तक भारत होगा तीसरी विश्व आर्थिक शक्ति

27 फरवरी 2012, सोमवार

भारत 2030 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा, लेकिन उसकी उर्जा की मांग घटकर 4.5 प्रतिशत रह जाएगी। उर्जा क्षेत्र की वैश्विक कंपनी बीपी ने यह अनुमान लगाया है। बीपी के मुख्य अर्थशास्त्री क्रिस्टॉफ रुहल ने बीपी के उर्जा परिदृश्य 2030 को आज जारी करते हुए कहा कि 2030 तक चीन दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा और भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया में तीसरे स्थान पर होगी। वैश्विक आबादी, सकल घरेलू उत्पाद और उर्जा मांग में दुनिया की कुल आबादी में इन दोनों देशों की हिस्सेदारी 35 प्रतिशत की होगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में उर्जा की मांग में विशेष इज़ाफ़ा नहीं होगा। इसकी वजह यह है कि भारत की औद्योगिक क्षेत्र की मांग घटकर 4.5 प्रतिशत सालाना रह जाएगी, जो 1999-2010 में 5.5 प्रतिशत थी। ऐसे में उर्जा दक्षता में सुधार से औद्योगिकीकरण और बुनियादी ढांचा विस्तार के लिए उर्जा की मांग की भरपाई हो सकेगी।

समाचार को निम्न स्रोत पर पढ़ें

अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान सूची में सात भारतीय

3 फ़रवरी, 2012 शुक्रवार

सात भारतीय अमेरिकी 'इंटरनेशनल साइंस टेलेंट सर्च' की 40 अंतिम उम्मीदवारों की सूची में स्थान हासिल करने में कामयाब रहे हैं। अमेरिका में यह हाईस्कूल छात्रों के लिए विज्ञान और गणित के क्षेत्र में सर्वाधिक प्रतिष्ठित प्रतिस्पर्धा होती है। 'इंटरनेशनल साइंस टेलेंट सर्च' के अंतिम 40 उम्मीदवारों में जिन छात्रों ने स्थान हासिल किया है वे अमेरिका के सर्वाधिक प्रतिष्ठित हाईस्कूलों के वरिष्ठ छात्र हैं जिनमें दुनिया की पेचीदा चुनौतियों को सुलझाने की क्षमता है। ये सभी मार्च महीने में वाशिंगटन में एकत्र होंगे और 630,000 डॉलर मूल्य के पुरस्कारों के लिए प्रतिस्पर्धा में भाग लेंगे। इसमें शीर्ष विजेता को इंटेल फाउंडेशन की ओर से एक लाख अमेरिकी डॉलर का पुरस्कार मिलेगा। इस सूची में दो अमेरिकी भारतीय कैलिफोर्निया के सौरभ शरन तथा सयोनी साहा, मिशिगन से सिद्धार्थ गौतम जेना और नितिन रेड्डी तुम्मा, फ्लोरिडा से नील एस पटेल, इंडियाना से अनिरुद्ध प्रभु और न्यूयॉर्क से नील कमलेश शामिल हैं।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

इन्हें भी देखें: समाचार एवं समाचार 2010

टीका टिप्पणी और संदर्भ