श्राद्ध के नियम

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें
Warning-sign-small.png यह लेख पौराणिक ग्रंथों अथवा मान्यताओं पर आधारित है अत: इसमें वर्णित सामग्री के वैज्ञानिक प्रमाण होने का आश्वासन नहीं दिया जा सकता। विस्तार में देखें अस्वीकरण
श्राद्ध विषय सूची
श्राद्ध के नियम
श्राद्ध कर्म में पूजा करते ब्राह्मण
अन्य नाम पितृ पक्ष
अनुयायी सभी हिन्दू धर्मावलम्बी
उद्देश्य श्राद्ध पूर्वजों के प्रति सच्ची श्रद्धा का प्रतीक हैं। पितरों के निमित्त विधिपूर्वक जो कर्म श्रद्धा से किया जाता है, उसी को 'श्राद्ध' कहते हैं।
प्रारम्भ वैदिक-पौराणिक
तिथि भाद्रपद शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा से सर्वपितृ अमावस्या अर्थात आश्विन कृष्ण पक्ष अमावस्या तक
अनुष्ठान श्राद्ध-कर्म में पके हुए चावल, दूध और तिल को मिश्रित करके 'पिण्ड' बनाते हैं, उसे 'सपिण्डीकरण' कहते हैं। पिण्ड का अर्थ है शरीर। यह एक पारंपरिक विश्वास है कि हर पीढ़ी के भीतर मातृकुल तथा पितृकुल दोनों में पहले की पीढ़ियों के समन्वित 'गुणसूत्र' उपस्थित होते हैं। यह प्रतीकात्मक अनुष्ठान जिन जिन लोगों के गुणसूत्र (जीन्स) श्राद्ध करने वाले की अपनी देह में हैं, उनकी तृप्ति के लिए होता है।
संबंधित लेख पितृ पक्ष, श्राद्ध के नियम, अन्वष्टका कृत्य, अष्टका कृत्य, अन्वाहार्य श्राद्ध, श्राद्ध विसर्जन, पितृ विसर्जन अमावस्या, तर्पण, माध्यावर्ष कृत्य, मातामह श्राद्ध, पितर, श्राद्ध और ग्रहण, श्राद्ध करने का स्थान, श्राद्ध की आहुति, श्राद्ध की कोटियाँ, श्राद्ध की महत्ता, श्राद्ध प्रपौत्र द्वारा, श्राद्ध फलसूची, श्राद्ध वर्जना, श्राद्ध विधि, पिण्डदान, गया, नासिक, आदित्य देवता और रुद्र देवता
अन्य जानकारी ब्रह्म पुराण के अनुसार श्राद्ध की परिभाषा- 'जो कुछ उचित काल, पात्र एवं स्थान के अनुसार उचित (शास्त्रानुमोदित) विधि द्वारा पितरों को लक्ष्य करके श्रद्धापूर्वक ब्राह्मणों को दिया जाता है', श्राद्ध कहलाता है।
  • दैनिक पंच यज्ञों में पितृ यज्ञ को ख़ास बताया गया है। इसमें तर्पण और समय-समय पर पिण्डदान भी सम्मिलित है। पूरे पितृपक्ष भर तर्पण आदि करना चाहिए।
  • इस दौरान कोई अन्य शुभ कार्य या नया कार्य अथवा पूजा-पाठ अनुष्ठान सम्बन्धी नया काम नहीं किया जाता। साथ ही श्राद्ध नियमों का विशेष पालन करना चाहिए। परन्तु नित्य कर्म तथा देवताओं की नित्य पूजा जो पहले से होती आ रही है, उसको बन्द नहीं करना चाहिए।
  • पितृपक्ष सूतक नहीं हैं, बल्कि पितरों की पूजा का विशेष पक्ष है। पितृ कार्य के लिए दोपहर का समय अच्छा समझा जाता है। क्योंकि पितरों के लिए मध्याह्न ही भोजन का समय है।
  • पितरों को पिण्ड दक्षिण की ओर मुख करके दक्षिण की ओर ढाल वाली भूमि पर बैठ कर दिए जाते हैं।
  • भोजन आदि में ब्राह्मणों की संख्या विषम होनी चाहिए। जैसे एक, तीन आदि। गृहसूत्र में लिखा है कि श्राद्ध में बुलाए गए ब्राह्मण पवित्र और वेद को जानने वाले ही होने चाहिए। साथ ही यह उल्लेख भी है कि श्राद्ध का भोजन करने वाला जो विप्र उस दिन दुबारा भोजन करता है, वह कीड़े-मकोडों की योनि में उत्पन्न होता है। मनुस्मृति के तीसरे अध्याय में लिखा है-

'यथोरिणे बीजमृप्त्वा न वप्ता लभते फलम्।
तथाऽनुचे हविर्दत्त्वा न दाता लभते फलम्।।'

अर्थात् जिस प्रकार ऊसर में बीज बोकर बोने वाला फल नहीं पाता, उसी प्रकार वेद विहीन व्यक्ति को हवि देने वाला कोई लाभ नहीं पाता है।

  • मनुस्मृति के अनुसार पिता आदि के लिए तीन पिण्ड बनाने चाहिए। पार्वण में मातामह आदि के लिए भी तीन पिण्ड बनाए जाते हैं। पिण्ड बेल के आकार के होने चाहिए। पिण्ड दान के बाद ब्राह्मण भोज करना चाहिए।
  • श्राद्ध के पश्चात् गृह बलि की जानी चाहिए। इस अवसर पर बंधु-बांधव तथा जाति वालों को भी भोजन कराने का विधान है। गाय का दूध और दूध से बने पदार्थ खीर आदि श्राद्ध के समय खिलाना अच्छा है।
  • पितृ लोक और प्रेत लोक भुवर्लोक के हिस्से हैं और भू-लोक का प्रभाव इन तक पहुँचता है। पिण्ड से बचे हुए अन्न के समर्पण में तीन पीढ़ियों के ऊपर अर्थात् चौथी, पाँचवी और छठी पीढ़ियाँ आदान-प्रदान कर एक-दूसरे पर प्रभाव डाल सकते हैं। इनको सपिण्ड कहते हैं। इसके ऊपर की तीन पीढ़ियाँ केवल समर्पण का जल ही पा सकती हैं। इसको समानोदक कहते हैं। दस पीढ़ी के बाद सगोत्र कहे जाते हैं। दस पीढ़ी के ऊपर के लोगों पर तर्पण अथवा पिण्ड दान को कोई प्रभाव नहीं पड़ सकता। क्योंकि इतने समय में साधारणतया एक मनुष्य स्वर्ग में गया हुआ माना जा सकता है।

अनुष्ठान का अर्थ

अपने दिवंगत बुजुर्गों को हम दो प्रकार से याद करते हैं-

  1. स्थूल शरीर के रूप में
  2. भावनात्मक रूप से।

स्थूल शरीर तो मरने के बाद अग्नि को या जलप्रवाह को भेंट कर देते हैं, इसलिए श्राद्ध करते समय हम पितरों की स्मृति कर उनके भावनात्मक शरीर की पूजा करते हैं ताकि वे तृप्त हों और हमें सपरिवार अपना स्नेहपूर्ण आर्शीवाद दें।

श्राद्ध करने को उपयुक्त

साधारणत: पुत्र ही अपने पूर्वजों का श्राद्ध करते हैं। किन्तु शास्त्रानुसार ऐसा हर व्यक्ति जिसने मृतक की सम्पत्ति विरासत में पायी है और उससे प्रेम और आदर भाव रखता है, उस व्यक्ति का स्नेहवश श्राद्ध कर सकता है। विद्या की विरासत से भी लाभ पाने वाला छात्र भी अपने दिवंगत गुरु का श्राद्ध कर सकता है। पुत्र की अनुपस्थिति में पौत्र या प्रपौत्र भी श्राद्ध-कर्म कर सकता है। नि:सन्तान पत्नी को पति द्वारा, पिता द्वारा पुत्र को और बड़े भाई द्वारा छोटे भाई को पिण्ड नहीं दिया जा सकता। किन्तु कम उम्र का ऐसा बच्चा, जिसका उपनयन संस्कार न हुआ हो, पिता को जल देकर नवश्राद्ध कर सकता। शेष कार्य[1] उसकी ओर से कुल पुरोहित करता है।[2]

उचित द्रव्य

  • श्राद्ध के लिए उचित द्रव्य हैं- तिल, माष (उड़द), चावल, जौ, जल, मूल, (जड़युक्त सब्जी) और फल
  • तीन चीज़ें शुद्धिकारक हैं - पुत्री का पुत्र, तिल और नेपाली कम्बल या कुश।
  • तीन बातें प्रशंसनीय हैं - सफ़ाई, क्रोधहीनता और चैन (त्वरा (शीघ्रता)) का न होना।
  • श्राद्ध में महत्त्वपूर्ण बातें - अपरान्ह का समय, कुशा, श्राद्धस्थली की स्वच्छ्ता, उदारता से भोजन आदि की व्यवस्था और अच्छे ब्राह्मण की उपस्थिति।[2]

वर्जित वस्तुऐं

कुछ अन्न और खाद्य पदार्थ जो श्राद्ध में नहीं प्रयुक्त होते- मसूर, राजमा, कोदों, चना, कपित्थ, अलसी, तीसी, सन, बासी भोजन और समुद्र जल से बना नमकभैंस, हिरणी, उँटनी, भेड़ और एक खुर वाले पशु का दूध भी वर्जित है पर भैंस का घी वर्जित नहीं है। श्राद्ध में दूध, दही और घी पितरों के लिए विशेष तुष्टिकारक माने जाते हैं। श्राद्ध किसी दूसरे के घर में, दूसरे की भूमि में कभी नहीं किया जाता है। जिस भूमि पर किसी का स्वामित्व न हो, सार्वजनिक हो, ऐसी भूमि पर श्राद्ध किया जा सकता है।[2]


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. पिण्डदान, अग्निहोम
  2. 2.0 2.1 2.2 श्राद्ध: दस सवाल जो आज के युवा पूछना चाहते हैं (हिन्दी) (एच.टी.एम.एल) लाइव हिन्दुस्तान डॉट कॉम। अभिगमन तिथि: 16 सितंबर, 2011।

बाहरी कड़ियाँ

संबंधित लेख