मणिपुर का भूगोल

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें

भारत के पूर्वी सिरे पर मणिपुर राज्य स्थित है। इसके पूर्व में म्यांमार (बर्मा) और उत्तर में नागालैंड राज्‍य है, पश्चिम में असम राज्‍य और दक्षिण में मिज़ोरम राज्‍य है। मणिपुर का क्षेत्रफल 22,327 वर्ग किलोमीटर है। भौगोलिक रूप से मणिपुर के दो भाग हैं, पहाडियां और घाटियाँ। घाटी मध्‍य में है और उसके चारों तरफ पहाडियां हैं। ये पहाडियां राज्‍य के कुल क्षेत्रफल का लगभग 9/10 भाग हैं। मणिपुर की घाटी समुद्र के तल से लगभग 790 मीटर ऊपर है। यह पर्वतीय श्रृंखला उत्तर में ऊंची है और धीरे-धीरे मणिपुर के दक्षिणी हिस्‍से में पहुंचने पर यह कम ऊंची रह जाती है। इससे घाटी में दक्षिण की ओर ढलान का निर्माण होता है।

मणिपुर की भूमि

मणिपुर राज्य के दो प्रमुख भू- वैज्ञानिक क्षेत्र हैं, मणिपुर नदी घाटी और एक बड़ा पर्वतीय इलाका, जो उसे घेरे हुए है। लगभग 1,787 वर्ग किमी में फैली यह घाटी उत्तर से दक्षिण की ओर फैली है। इसका मुख्य भौगोलिक आकर्षण लोकटक झील है, जो 104 वर्ग किमी विस्तृत है और इसी से मणिपुर नदी निकलती है। यह पूर्वोत्तर भारत की ताज़ा पानी की सबसे बड़ी झील है। यह नदी घाटी से होते हुए दक्षिण की तरफ़ म्यांमार में प्रवेश कर चिंदविन नदी की सहायक नदी मीथा में मिल जाती है।

पर्वतीय क्षेत्र

पर्वतीय क्षेत्र सामान्यत: उत्तर से दक्षिण में फैला है और पर्वत स्कंधों व कगारों से जुड़ा हुआ है। उत्तर में नगा पहाड़ियां, म्यांमार की सीमा पर पूर्वी मणिपुर पहाड़ियां, दक्षिण में मिज़ो व चिन पहाड़ियां और पश्चिम में पश्चिमी मणिपुर पहाड़ियां इन श्रंखलाओं में शामिल हैं। इनकी औसत ऊंचाई 1,524 से लेकर 1,829 मीटर तक है, हालांकि उत्तर की पहाड़ियां कहीं- कहीं 2,896 मीटर तक ऊंची हैं। पर्वत स्कंध गहरी घाटियों से विभाजित हैं, लेकिन आगे लगभग 1,800 किमी के पर्वतीय क्षेत्र में ढ़लान 30 प्रतिशत से अधिक है।

पश्चिम में सुरमा नदी ने, जिसे मणिपुर में बरक नदी कहते हैं, पश्चिम मणिपुर पहाड़ियों से होकर गहरी खाईनुमा घाटी बनाई है और बांग्लादेश में जाकर वह मेघना नदी में समाहित होती है। बरक नदी का उद्गम मणिपुर के पूर्वोत्तर शिखर (2,700 मीटर) पर उजेमे गाँव से पाँच किमी की दूरी पर होता है। इससे भी नीचे यह नदी नागालैंड के साथ अंतर्राज्यीय सीमा बनाती है। इसकी निकास द्रोणी पूर्वोत्तर से दक्षिण- पश्चिम की निर्मित होने वाली संकरी पट्टी का क्षेत्रफल मणिपुर में 3,865 वर्ग किमी है।

जलवायु

घाटी की जलवायु समशीतोष्ण और पहाड़ियों पर सर्द है। वर्षा ख़ूब होती है और इसका औसत लगभग 1,650 मिमी वार्षिक है।

वन्य जीव

पहाड़ियां घने मिश्रित वनों से आच्छादित हैं, जिनमें बांस और सागौन के पेड़ मिलते हैं। अन्य वृक्षों में बलूत, मैग्नोलिया और चिंकापिन शामिल हैं। नागा पहाड़ियों पर लुज़ॉन देवदार होता है। नीला पोस्त, प्रिमरोज़ और बुरूंश राज्य के प्रमुख उल्लेखनीय पौधे हैं। वन्य जीवों में एशियाई हाथी, बाघ, तेंदुए और जंगली भैंस हैं।गैंडे का शिकार, उसके सींग के लिए किया जाता है, जिसे कामोद्दीपक माना जाता है। बारहसिंगे लुप्त होने के ख़तरे का सामना कर रहे हैं। गौर दुनिया के सबसे विशाल जंगली भैंस माने जाते हैं; उनकी मिथुन (या गायल) नस्ल पालतू होती है और पूरे राज्य में पाई जाती है।


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख