योगी आदित्यनाथ

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें
योगी आदित्यनाथ
योगी आदित्यनाथ
पूरा नाम योगी आदित्यनाथ
अन्य नाम अजय सिंह नेगी (वास्तविक नाम)
जन्म 5 जून, 1972
जन्म भूमि गढ़वाल, उत्तराखण्ड
नागरिकता भारतीय
पार्टी भारतीय जनता पार्टी
पद उत्तर प्रदेश के 21वें मुख्यमंत्री
भाषा हिन्दी
अन्य जानकारी योगी आदित्यनाथ सबसे पहले 1998 में गोरखपुर से लोकसभा चुनाव भाजपा प्रत्याशी के तौर पर लड़े और तब उन्होंने बहुत ही कम अंतर से जीत दर्ज की। लेकिन उसके बाद हर चुनाव में उनका जीत का अंतर बढ़ता गया और वे 1999, 2004, 2009 व 2014 में सांसद चुने गए।

योगी आदित्यनाथ (अंग्रेज़ी: Yogi Adityanath, जन्म- 5 जून, 1972, गढ़वाल, उत्तराखण्ड) उत्तर प्रदेश राज्य के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री हैं। उनका मूल नाम 'अजय सिंह' है। पूर्वांचल में गहरी पैठ रखने वाले योगी आदित्यनाथ अपनी हिन्दुत्व छवि के लिए विशेषतौर पर जाने जाते हैं। 'हिन्दू युवा वाहिनी' के संस्थापक आदित्यनाथ तमाम हिन्दू संगठनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। दस वर्षों से अधिक समय से वे भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। योगी आदित्यनाथ 2014 के लोक सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर गोरखपुर से लोक सभा सांसद चुने गए थे। वे 1998 से लगातार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। आदित्यनाथ जी गोरखनाथ मंदिर के पूर्व महन्त अवैद्यनाथ के उत्तराधिकारी हैं।

परिचय

योगी आदित्यनाथ का जन्म 5 जून, 1972 को गढ़वाल, उत्तराखण्ड में हुआ था। उनका वास्तविक नाम अजय सिंह है। गोरखनाथ मंदिर के महन्त अवैद्यनाथ के पुत्र योगी आदित्यनाथ बारहवीं लोक सभा (1998-1999) के सबसे युवा सांसद थे। उस समय उनकी उम्र महज 26 वर्ष थी। उन्होंने गढ़वाल विश्विद्यालय से गणित से बी.एस.सी किया है। उन्होंने धर्मांतरण तथा गौ वध रोकने की दिशा में सार्थक कार्य किये हैं। वे गोरखपुर से लगातार पाँच बार से सांसद हैं। आदित्यनाथ जी का भारतीय जनता पार्टी के साथ रिश्ता एक दशक से भी पुराना है। वे पूर्वी उत्तर प्रदेश में अच्छा खासा प्रभाव रखते हैं। इससे पहले उनके पूर्वाधिकारी तथा गोरखनाथ मठ के पूर्व महन्त अवैद्यनाथ भी भारतीय जनता पार्टी से 1991 तथा 1996 का लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं।

राजनीतिक शुरुआत

गोरखनाथ मंदिर के पूर्व महंत अवैद्यनाथ जी ने जब 1998 में राजनीति से संन्यास लिया, तब उन्होंने योगी आदित्यनाथ को अपना उत्तराधिकारी घोषित कर दिया। यहीं से योगी आदित्यनाथ की राजनीतिक पारी शुरू हुई। 1998 में गोरखपुर से 12वीं लोकसभा का चुनाव जीतकर वे संसद पहुंचे तो सबसे कम उम्र के सांसद थे। वे 26 साल की उम्र में पहली बार सांसद बने। 1998 से लगातार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के बड़े चेहरे माने जाते हैं। 2014 में पांचवी बार योगी सांसद बने। राजनीति के मैदान में आते ही उन्होंने सियासत की दूसरी डगर भी पकड़ ली। उन्होंने हिन्दू युवा वाहिनी का गठन किया और धर्म परिवर्तन के खिलाफ मुहिम छेड़ दी। कट्टर हिंदुत्व की राह पर चलते हुए वे कई विवादों में भी आए।[1]


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. अजय सिंह के योगी आदित्यनाथ बनने की पूरी कहानी (हिंदी) news18.com। अभिगमन तिथि: 18 मार्च, 2018।

बाहरी कड़ियाँ

संबंधित लेख