बिलियर्ड्स

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें

बिलियर्ड्स / Billiards

आयताकार टेबल पर छोटी गेंदों की एक निश्चित संख्या व एक लम्बी छ्ड़ी से, जिसे क्यू कहा जाता है, खेले जाने वाले विभिन्न खेलों में से एक। कैरम या फ़्रेंच बिलियर्ड्स तीन गेंदों से एक बिना पॉकेट वाली टेबल पर खेला जाता हैं अन्य प्रमुख खेल छ: पॉकेट वाली टेबलों पर खेले जाते हैं, जिनमें हर कोने में एक-एक और दोनों लम्बी भुजाओं में एक-एक पॉकेट होती हैं।

इग्लिंश बिलियर्ड्स

इग्लिंश बिलियर्ड्स, जो तीन गेंदों से खेला जाता है।

स्नूकर

स्नूकर इंग्लिश बिलियर्ड्स के लिये प्रयुक्त टेबल पर व उसी आकार की गेंदों से खेला जाता है। यह खेल 22 गेंदों से खेला जाता है: सफ़ेद क्यू गेंद, 15 लाल गेंद और छह रंगीन गेंद, जिनका पीली के 2, हरी के 3, भूरी के 4, नीली के 5, गुलाबी के 6 व काली के 7 के हिसाब से अंक होते हैं।

खेल के नियम

  • खिलाड़ी को पहले एक लाल गेंद को पॉकेट में डालकर फिर किसी भी रंग की गेंद डालने का प्रयास करना चाहिये, जिससे उसे पॉकेट में डाली गई गेंद के रंग के अनुसार अंक मिलते रहें।
  • उसके बाद लाल व रंगीन गेंदें एक के बाद एक पॉकेट में डाली जाती हैं।
  • पॉकेट में डाले जाने के पश्चात प्रत्येक लाल गेंद वहीं रहती है, जबकि अन्य रंगों की गेंदें, जब पॉकेट में डाल दी जाएं, तो जब तक कोई भी लाल गेंद टेबल पर बची रहती है, तब तक वापस अपने निर्धारित स्थान पर रखी जाती हैं।
  • खेल तब तक चलता है, जब तक केवल छह रंगो की गेंदें ही टेबल पर न रह जाएं।
  • अंत में छह रंगीन गेंदों को उनके अंकों के मूल्य के अनुसार क्रम से पॉकेट में डाला जाना चाहिये।
  • जब आखिरी गेंद पॉकेट में डाल दी जाती है, तो खेल समाप्त हो जाता है।
  • खेल के दौरान यदि (अन्य गेंद अथवा गेंदों की रूकावट के कारण) कोई खिलाड़ी उस गेंद पर प्रहार नही कर पाता, जिस पर उसे नियमानुसार प्रहार करना चाहिये, तो कहा जाता है कि उसने स्नूकर कर दिया है और वह अपना दांव खो देता है; यह स्थिति खेल को उसका नाम देती है।

पॉकेट बिलियर्ड्स या पूल

पॉकेट बिलियर्ड्स या पूल, जो 15 गेंदों व एक क्यू गेंद से खेला जाता है।

आविष्कार

कई देशों को, जिनमें फ़्रांस, इग्लैंड, चीन, इटली व स्पेन शामिल हैं, इस खेल के आविष्कार का श्रेय दिया जाता है, लेकिन वास्तव में बिलियर्ड्स के उद्भव के विषय में कुछ भी ज्ञात नहीं है। इस खेल के बारे में यूरोप में सबसे प्रारंभिक जानकारी 15वीं शताब्दी से मिलती है।

उपकरण

  • बिलियर्ड्स के सभी खेलों के लिये एक टेबल, क्यू स्टिक्स व और गेंदें आवश्यक हैं।
  • पारंपरिक महोगनी की टेबल आज भी प्रयोग की जाती है, लेकिन अब टेबल सामान्यत: अन्य लकड़ियों व सिंथेटिक साम्रगी की बनती हैं।
  • इसकी विशाल आयताकार टेबल विशिष्ट रूप से चौड़ाई से अधिक दुगुनी लम्बी होती है।
  • इसकी ऊपरी सतह सामान्यत: समतल स्लेट की बुने हुए ऊनी कपड़े से ढकी होती है, जिसे कभी-कभी ‘फ़ेल्ट’ कहा जाता है।
  • कठोर रबड़ अथवा सिंथेटिक रबड़ का मुड़ा हुआ घेरा, जिसे कुशन कहा जाता है, टेबल की अंदरूनी किनारे पर लगा होता है।
  • क्यू चिकनी लकड़ी अथवा सिंथेटिक साम्रगी की एक ओर से क्रमश: पतली होती छ्ड़ होती है, जो लंबाई में 100 से 150 सेमी तक होती है।
  • क्यू के पतले छोर पर, जिससे गेंद पर प्रहार किया जाता है, प्लास्टिक, फ़ाइबर तथा हाथीदांत जड़ा जाता है, जिस पर एक चमड़े का टुकड़ा चिपका होता है।
  • छोटे घनाकार टुकड़ों से क्यू के सिरे पर एक समान चॉक लगाया जाता है, जिससे खिलाड़ियों को क्यू गेंदों को मध्य से प्रहार कर फिरकी वाली चाल देने में सहायता मिलती है, जिसे ग्रेट ब्रिटेन में ‘साइड’ व संयुक्त राज्य अमेरिका में ‘इंग्लिश’ कहा जाता है।
  • बिलियर्ड्स की गेंद, जो पहले हाथीदांत अथवा बेल्जियन मिट्टी की बनाई जाती थीं, अब सामान्यत: प्लास्टिक की होती हैं; और उनमें प्रत्येक 5.7 से 6 सेमी व्यास की होती है, बड़ी गेंद कैरम बिलियर्ड्स में प्रयोग की जाती हैं।

इंग्लिश बिलियर्ड्स व स्नूकर के नियम

  • इंग्लिश बिलियर्ड्स व स्नूकर की अंग्रेजी किस्म की वैश्विक नियामक संख्या बिलियर्ड्स ऐंड स्नूकर कंट्रोल काउंसिल है।
  • 1919 में स्थापित यह संस्था 1885 में स्थापित बिलियर्ड्स एसोसिएशन व 1908 में स्थापित बिलियर्ड्स कंट्रोल क्लब के एकीकृत रूप का प्रतिनिधित्व करती है।
  • यह दोनों खेलों की शर्ते व नियम बनाती है और आधिकारिक मुखपत्र बिलियर्ड्स ऐंड स्नूकर का प्रकाशन करती है।

अमेरिकन पॉकेट बिलियर्ड्स

  • अमेरिकन पॉकेट बिलियर्ड्स खेलों की मुख्य नियामक संस्था, जिसमें स्नूकर का अमेरिकी प्रकार भी शामिल है, बिलियर्ड कांग्रेस ऑफ़ अमेरिका है, जो 1948 से ही नियामक संस्था रही है।
  • यह खेल के नियमों का अनुरक्षण करती है व खेल प्रतियोगिताओं की स्वीकृति देती है, जिसमें यूएस ओपन पॉकेट बिलियर्ड्स चैंपियनशिप शामिल है, जिसे विश्व कप प्रतियोगिता माना जाता है।

अन्य लिंक

अंतर्राष्ट्रीय बिलियर्ड्स और स्नूकर फेडरेशन

बाहरी कडियाँ

अंतर्राष्ट्रीय बिलियर्ड्स और स्नूकर फेडरेशन