नामीब रेगिस्तान

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें
नामीब रेगिस्तान

नामीब रेगिस्तान नामीबिया में स्थित है। यह रेगिस्तान काफ़ी गर्म और शुष्क है। यह बोत्सवाना, पूर्वी नामीबिया तथा दक्षिण अफ़्रीका का उत्तरी भाग है, जो 1,35,000 वर्ग कि.मी. के क्षेत्र में विस्तारित हैं। नामीब रेगिस्तान के विषय में यह माना जाता है कि यह संसार का सबसे पुराना रेगिस्तान है। यहाँ वर्षा बहुत कम मात्रा में होती है। यहाँ की चट्टानों में विभिन्न रंग के शैवाल उगते हैं। पृथ्वी के बड़े जीव हाथी सहित यहाँ अनेक प्रकार के जीव-जंतु भी निवास करते हैं।[1]

भौगोलिक संरचना

पिछले क़रीब 8 करोड़ वर्षों से यह रेगिस्तान शुष्क या अर्धशुष्क रहा है। इस रेगिस्तान की रचना दक्षिण-पश्चिमी अफ़्रीका के तटीय किनारों के साथ बेगुंएला की ठंडी जल धाराओं द्वारा शुष्क वायु से ठंडा होने पर संभव हुई है। इस रेगिस्तान की चैड़ाई लगभग 160 कि.मी. तथा लंबाई 1300 कि.मी. है। यहाँ के बालू के टीले अस्थिर होते हैं। इस रेगिस्तान के बालू के कुल टीलों में से 'स्टार टिब्बा' लगभग 10 प्रतिशत है। यहाँ वार्षिक वर्षा का औसत 15 मि.मी. से कम ही रहता है। नमी का मुख्य स्रोत तटीय क्षेत्र का कोहरा होता है।

जीव तथा वनस्पति

नामीब रेगिस्तान

यह रेगिस्तान लगभग ऊसर है, लेकिन फिर भी यहाँ वनस्पति तथा जीवों की अनेक प्रजातियाँ पाई जाती हैं। विश्व की एक दुर्लभ वनस्पति प्रजाति 'वेलविटचिअ मिरेबिलिस' यहाँ उगती है। झाड़ी के प्रकार के ये पौधे काफ़ी लंबाई तक बढ़ते हैं। इन पौधों में चौड़ी-चौड़ी पत्तियाँ निकलती रहती हैं। यह पत्तियाँ बहुत लंबी हो जाती हैं तथा तेज हवा के कारण घुमावदार आकृति ग्रहण कर लेती हैं। यह पौधा विपरीत परिस्थितियों में भी अपना अस्तित्व बनाए रखता है। यहाँ की वनस्पतियाँ तटीय क्षेत्र के कोहरे से नमी सोखने की क्षमता रखती हैं। नामीब रेगिस्तान की चट्टानों पर लाइकेन यानी शैवाल नामक रंग-बिरंगी वनस्पतियाँ बहुतायत में पाई जाती हैं। अफ़्रीका के हाथी समेत यहाँ अनेक प्रकार के पशु निवास करते हैं।[1]

खनिज सम्पदा

इस रेगिस्तान में मानव का वास नहीं है तथा वहाँ पर पहुँचना बहुत कठिन है। हालांकि इस रेगिस्तान का 'सैसरीम' क्षेत्र वर्ष भर आबाद रहता है। इस रेगिस्तान में खनिज सम्पदा प्रचुर मात्रा में मौजूद है। यहाँ से टंगस्टन, नमक तथा हीरा मुख्य रूप से निकाला जाता है।


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. 1.0 1.1 संसार के विशाल रेगिस्तान (हिन्दी) (एच.टी.एम.एल.)। । अभिगमन तिथि: 17 जुलाई, 2012।

संबंधित लेख